इ खबर जिला रिपोर्टर – मोइनुद्दीन कुरैशी
चित्तौड़गढ़, 24 मार्च।
जनसुनवाई को और अधिक प्रभावी बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा एक अहम पहल की जा रही है। इसी क्रम में 27 मार्च (शुक्रवार) को भूपालसागर पंचायत समिति की गूंदली ग्राम पंचायत में जिला कलक्टर की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया जाएगा।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू.अ.) रामचंद्र खटीक ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रात्रि चौपाल में जिला स्तर के अधिकारियों के साथ-साथ ब्लॉक स्तर के सभी संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान ग्रामीणजन अपनी समस्याओं, शिकायतों और मांगों को सीधे जिला कलक्टर के समक्ष रख सकेंगे।
उन्होंने बताया कि रात्रि चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं को मौके पर ही सुनकर उनका त्वरित निस्तारण करना है, ताकि लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी और मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
इस आयोजन के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित होगा, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। प्रशासन ने क्षेत्र के सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत करें, ताकि उनका समयबद्ध समाधान किया जा सके।
रात्रि चौपाल को लेकर ग्राम पंचायत गूंदली में तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं और संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

