लखनऊ।
उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चर्चित अधिवक्ता आजाद हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी सिराज को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। सिराज पंजाब-हरियाणा बॉर्डर से सहारनपुर पहुंचकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। इसी दौरान एसटीएफ की टीम से उसकी मुठभेड़ हो गई। मौके से अवैध असलहा और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं।
एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक, सटीक इनपुट के आधार पर टीम ने घेराबंदी की थी। खुद को घिरता देख सिराज ने फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ और बाद में उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ के बाद इलाके को सील कर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस ने बरामद हथियारों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि सुल्तानपुर में अधिवक्ता आजाद की हत्या के बाद से सिराज फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए यूपी पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। सिराज लंबे समय से पुलिस की रडार पर था और उसके खिलाफ विभिन्न जिलों में करीब 30 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। इनमें हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सिराज की मौत से संगठित अपराध के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। अधिवक्ता हत्याकांड में अब तक की जांच में सामने आए अन्य आरोपियों और उनके संपर्कों पर भी कार्रवाई तेज की जाएगी। एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त रुख जारी रहेगा।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और किसी भी संभावित तनाव से निपटने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। पुलिस का दावा है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
—

