सिंगरौली न्यूज़ | सरई
पीएम आवास योजना की सूची में भ्रष्टाचार का आरोप, शिकायत लेकर भोपाल पहुंचे ई खबर मीडिया के रिपोर्टर
सिंगरौली जिले के सरई नगर परिषद में प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में कथित भ्रष्टाचार को लेकर मामला अब भोपाल तक पहुंच गया है। इस संबंध में ई खबर मीडिया के रिपोर्टर रमेश चंद्र जायसवाल ने भोपाल जाकर मुख्यमंत्री निवास में आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बताया जा रहा है कि सरई नगर परिषद क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जारी की गई सूची में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई पात्र लोगों के नाम सूची से बाहर कर दिए गए हैं, जबकि कुछ अपात्र लोगों को योजना का लाभ दे दिया गया है।
इसी मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए ई खबर मीडिया के रिपोर्टर रमेश चंद्र जायसवाल भोपाल पहुंचे और मुख्यमंत्री को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिव, वल्लभ भवन भोपाल को भी लिखित आवेदन सौंपते हुए पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाती है तो पीएम आवास योजना की सूची में हुई गड़बड़ियां सामने आ सकती हैं और वास्तविक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सकेगा।
अब देखना यह होगा कि सरकार इस शिकायत पर कब तक संज्ञान लेती है और सरई नगर परिषद के पीएम आवास योजना की सूची में लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कब तक कराई जाती है।
(सिंगरौली से ई खबर मीडिया की रिपोर्ट)

