चित्तौड़गढ़ इ खबर रिपोर्टर – मोइनुद्दीन कुरैशी
चित्तौड़गढ़। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार मंगलवार को जिले के सभी पुलिस कार्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय, समस्त थाना, वृत्त कार्यालय एवं पुलिस लाइन में एक घंटे तक साफ-सफाई की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि राजस्थान सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 11 दिसंबर से 25 दिसंबर तक प्रस्तावित कार्यक्रमों की श्रृंखला में राज्य के सभी राजकीय कार्यालयों में स्वच्छता अभियान आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में मंगलवार को चित्तौड़गढ़ जिला पुलिस द्वारा यह अभियान संपादित किया गया।
स्वच्छता अभियान में सीनियर अधिकारियों से लेकर कनिष्ठ कर्मचारियों तक सभी ने सहभागिता निभाई। कार्यालयों एवं परिसरों में सफाई कर उन्हें सुव्यवस्थित किया गया। इस दौरान कर्मचारियों को अपने कार्य स्थलों को स्वच्छ रखने तथा कार्यों में सुचिता और अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में स्वयं पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी की उपस्थिति में अपराध सहायक जोधाराम गुर्जर, पुलिस निरीक्षक ठाकरा राम, रीडर चन्द्र प्रभात, निजी सहायक नरेश कुमार सहित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर कार्यालय परिसर की साफ-सफाई की।
जिला पुलिस चित्तौड़गढ़ द्वारा यह स्वच्छता अभियान पूरे जिले में एक साथ आयोजित किया गया, जिससे स्वच्छ एवं सुरक्षित कार्य वातावरण स्थापित करने का संदेश दिया गया।

