लक्ष्मीपुरा में रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई आयोजित

Date:

इ खबर रिपोर्टर – मोइनुद्दीन कुरैशी
जिला कलक्टर की अध्यक्षता में समस्याओं की सुनवाई, होनहार बालक-बालिकाओं का सम्मान

चित्तौड़गढ़, 6 मार्च। बड़ीसादड़ी उपखंड की ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुरा मुख्यालय पर शुक्रवार रात्रि को जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई का आयोजन किया गया। चौपाल में कुल 25 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें से कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया तथा शेष प्रकरणों के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर जिला कलक्टर ने क्षेत्र के होनहार बालक-बालिकाओं एवं खिलाड़ियों का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि छोटे से गांव से निकलकर राज्य स्तर तक पहुंचना बड़ी उपलब्धि है और यह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

जिला कलक्टर ने रावतभाटा के प्रतिभाशाली युवा डॉक्टर अनुज अग्निहोत्री द्वारा यूपीएससी परीक्षा 2025 में देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि चित्तौड़गढ़-मेवाड़ के युवाओं की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है।
चौपाल के दौरान जिला कलक्टर ने एक-एक परिवाद को संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। ग्रामीणों द्वारा सर्वाधिक समस्याएं सड़क एवं नाली निर्माण से संबंधित प्राप्त हुईं। इस पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजने तथा गांव में नालियों का निर्माण एक माह में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

अजमेर विद्युत वितरण निगम से संबंधित खंभे हटाने, तारों को व्यवस्थित करने तथा 11 केवी लाइन को आबादी क्षेत्र से बाहर निकालने की मांग भी सामने आई। इस पर जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सात दिवस में कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। आम रास्ता खुलवाने, पारिवारिक इंतकाल खुलवाने सहित अन्य मामलों पर तहसीलदार को सात दिवस में निस्तारण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत 10 दिव्यांगजनों के पेंशन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए बंद पड़ी पेंशन का सत्यापन कराने के लिए ग्राम सचिव एवं समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया गया। साथ ही ग्रामीणों को खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जोड़ने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की जानकारी भी दी गई।

विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण
रात्रि चौपाल से पूर्व जिला कलक्टर आलोक रंजन ने डूंगला उपखंड कार्यालय, तहसील कार्यालय तथा बड़ीसादड़ी में तहसील कार्यालय और कोष कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्मिकों को ई-फाइल प्रणाली के माध्यम से कार्य करने के निर्देश दिए तथा कार्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

चौपाल में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, उपखंड अधिकारी प्रवीण कुमार, तहसीलदार, विकास अधिकारी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, ग्राम पंचायत प्रशासक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

पत्नी और बच्चों को मायके ले जाकर 5 लाख की मांग, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

बिजनौर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र से एक हैरान...