घटना 4 मार्च की सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित राजू कुमार पासवान ने थाना में आवेदन देकर गांव के ही कुछ लोगों पर घर के पास आकर तोड़फोड़ और मारपीट करने का आरोप लगाया है।
राजू कुमार पासवान ने अपने आवेदन में बताया कि वह मोहनपुर भाना, थाना पंडौल, जिला मधुबनी का स्थायी निवासी है। उनके अनुसार 4 मार्च की सुबह करीब 6 बजे गांव के ही गोपाल यादव पिता केदार यादव, अभिषेक यादव पिता मनोहर यादव, अमरजीत साह पिता चंदर साह तथा उनके साथ तीन अज्ञात व्यक्ति उनके घर के पास पहुंचे और वहां तोड़फोड़ करने लगे। जब राजू कुमार ने उन्हें ऐसा करने से मना किया तो सभी लोग गाली गलौज करने लगे।
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने गाली देने से रोका तो सभी लोग मारपीट पर उतारू हो गए। इसी दौरान उन्हें बचाने के लिए उनके पिता रामउद्गार पासवान वहां पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी बांस के डंडे से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में उनके पिता के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के दौरान जब राजू कुमार का भाई बुथु पासवान बीच बचाव करने आया तो आरोपियों ने उसे भी बेरहमी से पीटा। मारपीट में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी और सिर फट गया। परिजनों के अनुसार बुथु पासवान का इलाज मधुबनी सदर अस्पताल में चल रहा है।
इस दौरान राजू कुमार की बहन निरो देवी भी अपने परिवार को बचाने के लिए बीच में आईं तो आरोपियों ने उन्हें भी बांस के डंडों से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान वह जमीन पर गिर गईं। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि इसी दौरान उनकी बहन के गले से लगभग एक भरी का मंगलसूत्र भी छीन लिया गया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद आरोपी जाते समय यह धमकी देकर गए कि अगर थाना पुलिस में शिकायत की तो जान से मार देंगे। घटना के बाद परिवार के लोग काफी दहशत में हैं। घायल पिता और बहन का इलाज घर पर ही कराया जा रहा है जबकि भाई का इलाज सदर अस्पताल मधुबनी में जारी है।
राजू कुमार पासवान ने थाना अध्यक्ष से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

