सिंगरौली। सिंगरौली जिले की सरई तहसील अंतर्गत सरई थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी बरका के पास शुक्रवार शाम लगभग 6 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से 24 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अनिल अगरिया (पिता – बुद्यासेन अगरिया) निवासी ग्राम लोहराडोल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनिल अपने घर से दूसरे घर में खाना लेकर जा रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार, अनिल एक प्रतिभाशाली फुटबॉल खिलाड़ी था और अपने व्यवहार के कारण गांव में काफी लोकप्रिय था।
शव को पीएम हाउस तक पहुंचाने में भाजपा नेता एवं नगर परिषद सरई के पार्षद प्रेम सिंह भाटी (वार्ड क्रमांक 14) की अहम भूमिका रही। उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर सहयोग किया और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराईं।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है। परिजनों ने दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
संवाददाता: रमेश चंद्र जायसवाल, सिंगरौली

