ब्रेकिंग न्यूज़, सिंगरौली
सरई नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 14 में प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, भोला प्रसाद जायसवाल के बैल के शव को नगर परिषद के कर्मचारियों द्वारा बीच बस्ती में ही लगभग एक फीट गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। इस अव्यवस्थित और असावधानीपूर्ण कार्रवाई के कारण अब शव के सड़ने से पूरे इलाके में तेज दुर्गंध फैल रही है, जिससे स्थानीय निवासियों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने समय रहते नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों को सूचित किया था कि पशु के शव को आबादी से दूर किसी सुनसान स्थान पर ले जाकर वैज्ञानिक तरीके से दफनाया जाए, ताकि किसी प्रकार की गंदगी या बीमारी फैलने का खतरा न रहे। बावजूद इसके, मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीएमओ) द्वारा इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया और न ही उचित कार्रवाई की गई।
गांव के लोगों में इस लापरवाही को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि इस तरह की अनदेखी से न सिर्फ वातावरण दूषित हो रहा है, बल्कि संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
वहीं, इस पूरे मामले में नगर परिषद के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को कितनी जल्दी संज्ञान में लेकर राहत प्रदान करता है।

