सीतापुर जनपद के रेउसा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक हिस्ट्रीशीटर का शव गांव के बाहर उसके ही खेत में पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान बैदौरा गांव के लोनियन पुरवा निवासी रामजीवन उर्फ बु चाऊ (40 वर्ष), पुत्र राम प्रसाद चौहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामजीवन एक क्राइम हिस्ट्रीशीटर था और पूर्व में ग्राम सभा का प्रधान भी रह चुका था।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार सुबह गांव के उत्तर दिशा में स्थित उसके खेत में भिलोर (पेड़) पर गमछे के सहारे उसका शव लटका देखा गया। यह दृश्य देखते ही गांव में खबर आग की तरह फैल गई और पूरे ब्लॉक मुख्यालय में चर्चा का विषय बन गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हनुमत तिवारी अपनी टीम और फॉरेंसिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय की मर्चरी भेज दिया।
घटनास्थल पर एक बिना नंबर प्लेट की प्लेटिना मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है, जिससे मामले को और संदिग्ध माना जा रहा है।
परिजनों ने इस घटना को हत्या बताते हुए कई लोगों पर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि रामजीवन की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। वहीं, पुलिस अभी इस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक पुलिस के डर से अधिकतर समय महमूदाबाद में रहता था और गांव कम आता था। सोमवार को वह महमूदाबाद से किसी पेशी पर गया था, लेकिन घर वापस नहीं लौटा। इसके अगले दिन उसका शव खेत में मिला।
थाना प्रभारी हनुमत तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। अभी तक इस मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस सभी संभावित एंगल पर जांच कर रही है।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं, जबकि पुलिस मामले की सच्चाई तक पहुंचने में जुटी हुई है।


