मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों आज बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू और कश्मीर, लद्दाख और पूर्वोत्तर हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में कुछ जगहों पर भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इन इलाकों में बर्फीले तूफान की भी संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं। जम्मू और कश्मीर और लद्दाख में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा तापमान
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार सुबह कई इलाकों में घना कोहरा देखा गया। एनसीआर में पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आज दिन में आसमान ज़्यादातर साफ़ रहेगा। इसका मतलब यह है कि सुबह 10 बजे के बाद धूप निकल सकती है। उत्तर-पश्चिम दिशा से हवाएं चलेंगी, जिसकी गति 15 किमी प्रति घंटा तक रहेगी। दोपहर में हवा की गति बढ़ेगी और उत्तर-पश्चिम दिशा से 20 किमी प्रति घंटा तक हो जाएगी।

