नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के कल्याणपुरी और जहांगीरपुरी इलाके से जुड़े एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला लगातार गहराता जा रहा है। जसविंदर सिंह की मौत को लेकर उसकी बहन काजल ने गंभीर आरोप लगाते हुए पत्नी अंजलि और उसके परिवार पर कई सवाल खड़े किए हैं। काजल का कहना है कि उसका भाई पिछले कुछ समय से अपनी पत्नी के साथ नहीं बल्कि अपनी ननद संगीता के घर रह रहा था, जहां से यह पूरा मामला शुरू हुआ।
पीड़िता के अनुसार, जसविंदर सिंह अपनी पत्नी अंजलि के साथ जहांगीरपुरी स्थित ए-ब्लॉक, डीडीए फ्लैट (सी-16) में रह रहा था, जो कि उसकी ननद संगीता का घर बताया जा रहा है। काजल का आरोप है कि अंजलि को उनके परिवार के साथ रहना पसंद नहीं था, जिसके चलते वह अपने पति को लेकर अलग रह रही थी। इस दौरान पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होते रहे, जिनकी जानकारी अंजलि के मायके पक्ष को भी थी।
काजल का दावा है कि उसके भाई ने फांसी लगाकर आत्महत्या की, लेकिन इस आत्मघाती कदम के पीछे की असली वजह अंजलि और उसके परिवार को अच्छी तरह पता है। उसने कहा कि अंजलि, उसकी बहन मनीषा और उनके परिवार के अन्य सदस्य इस पूरे घटनाक्रम से वाकिफ हैं, लेकिन अब सच्चाई को छिपाने की कोशिश की जा रही है।
घटना के बाद काजल ने यह भी आरोप लगाया कि उसे ही उल्टा परेशान किया जा रहा है और मामले को दबाने के लिए उस पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। उसने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि अंजलि को जल्द से जल्द खोजा जाए और उससे सख्ती से पूछताछ की जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आखिर जसविंदर सिंह ने फांसी क्यों लगाई।
मामले ने अब कई सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या यह महज पारिवारिक विवाद का नतीजा है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी हुई है। फिलहाल पुलिस की जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं। पीड़ित परिवार लगातार न्याय की गुहार लगा रहा है और चाहता है कि समय रहते सच्चाई सामने आए, ताकि मृतक को इंसाफ मिल सके।

