रिपोर्टर: फरीद अहमद | मो. 9453308281
प्रदेश में रसोई गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि प्रदेश में डीजल और पेट्रोल की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है और रसोई गैस की आपूर्ति भी सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट का माहौल न बनने दें।
रसोई गैस की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री ने तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में एलपीजी आपूर्ति की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई और अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रदेश में गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा समयबद्ध तरीके से उपभोक्ताओं तक सिलेंडर पहुंचाया जाए।
मुख्यमंत्री ने साफ निर्देश दिए कि रसोई गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं भी गैस की कालाबाजारी या अवैध भंडारण की शिकायत मिलती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था न हो, इसके लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं। एलपीजी वितरक केंद्रों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि छात्रावासों, अस्पतालों, धर्मशालाओं, होटलों और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से संवाद स्थापित किया जाए और जरूरत पड़ने पर उन्हें वैकल्पिक ईंधन के उपयोग के लिए भी प्रेरित किया जाए, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की उपलब्धता प्रभावित न हो।
इसके अलावा प्रदेश को केंद्र सरकार की ओर से 80 लाख लीटर केरोसिन का आवंटन किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर इसे वैकल्पिक ईंधन के रूप में वितरित किया जाएगा, ताकि किसी भी स्थिति में आम जनता को दिक्कत न हो।
मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं रसद विभाग को निर्देश दिया है कि वह तत्काल एक कंट्रोल रूम स्थापित करे, जहां से प्रदेश के सभी जिलों की स्थिति पर 24 घंटे निगरानी रखी जा सके। इससे गैस आपूर्ति और वितरण में पारदर्शिता बनी रहेगी और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि घबराहट फैलाने वाली अफवाहों से दूर रहें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि गैस वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रहे।


