सिंगरौली। सरई नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। वार्ड क्रमांक 11 में बन रहे पुल के निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों ने भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। करीब तीन वर्षों बाद भी विकास कार्यों की स्थिति को देखकर नागरिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुल निर्माण में मानक के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है। निर्माण में सरिया और सीमेंट की मात्रा कम रखी जा रही है, जबकि गिट्टी और रेत का अत्यधिक उपयोग किया जा रहा है। इससे पुल की मजबूती पर सवाल उठ रहे हैं और आशंका जताई जा रही है कि यह पुल पहली ही बरसात में क्षतिग्रस्त हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह पूरा निर्माण कार्य नगर परिषद के अधिकारियों, सीएमओ, इंजीनियर और ठेकेदार की मिलीभगत से किया जा रहा है। आरोप है कि शासन द्वारा विकास के लिए आवंटित धनराशि का खुलेआम दुरुपयोग हो रहा है और जनता के पैसे का गलत तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया गया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। साथ ही उन्होंने जिला कलेक्टर से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित ठेकेदार का लाइसेंस रद्द किया जाए और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
इस मामले में आम नागरिक डॉ. राजेश जायसवाल ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है और भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जनता का पैसा केवल जनता के विकास के लिए है, न कि किसी की निजी तिजोरी भरने के लिए। जब तक नगर परिषद और सरकारी दफ्तरों से भ्रष्टाचार खत्म नहीं होता, तब तक उनकी आवाज दबने वाली नहीं है।
सरई नगर परिषद में सामने आए इस मामले ने एक बार फिर विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और आम जनता को न्याय कब तक मिल पाता है।
ईखबर सिंगरौली संवाददाता रमेश चंद्र जायसवाल की रिपोर्ट
#SingrauliNews #BreakingNews #MPNews #Sarai #CorruptionExposed #BridgeConstruction #LocalNews #HindiNews #GroundReport #PublicVoice #DevelopmentIssue #ContractorScam #EngineerCorruption #CMOControversy #JanataKaPaisa #InfrastructureFail #NewsUpdate #IndiaNews #AwazUthao #JusticeForPeople

