पंचकूला। कंज्यूमर्स एसोसिएशन पंचकूला द्वारा राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के अवसर पर बुधवार, 25 फरवरी को सेक्टर 1 स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सायं 6 बजे प्रारंभ हुआ, जिसमें उपभोक्ता अधिकारों और जागरूकता से जुड़े विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।
समारोह में हरियाणा सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजेश नागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके आगमन पर कंज्यूमर्स एसोसिएशन पंचकूला के अध्यक्ष राकेश कपूर, वित्त सचिव संजीव सिंगला, महासचिव के सी जिंदल सहित टीम के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एनएसएस और रेड क्रॉस कैडर की तालियों से वातावरण गूंज उठा, वहीं एनसीसी कैडेट्स ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को मंच तक पहुंचाया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में पंचकूला के उपायुक्त सतपाल शर्मा एवं अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव की उपस्थिति निर्धारित थी, हालांकि अपरिहार्य कारणों से वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिनमें लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) एस के कौशल, योग गुरु सुरेन्द्र वर्मा, रोटरी क्लब पंचकूला के असिस्टेंट गवर्नर पंकज कपूर, रोटरी मिड-टाउन पंचकूला के अध्यक्ष सुनील दीवान, ट्राइसिटी ईको वॉरियर्स की अध्यक्षा पूजा अग्रवाल, समाजसेवी अनुज अग्रवाल, आईआरएस (सेवानिवृत्त) परवेश कुमार, हास्य कवि डॉ. सुरेन्द्र सिंगला एवं लेखक-गायक-चित्रकार मीत रंगरेज प्रमुख रूप से शामिल रहे। उद्योगपति एवं दानवीर उदित मित्तल विदेश प्रवास के कारण उपस्थित नहीं हो सके।
श्री सनातन धर्म मंदिर सेक्टर 10 पंचकूला की महिला संकीर्तन मंडली की अध्यक्षा प्रवीण एवं उनकी सहयोगी आभा ने शिव भजन प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इससे पूर्व इनवेस्को के क्लस्टर प्रमुख विवेक सिंह ने वित्तीय प्रबंधन पर प्रभावशाली संबोधन देते हुए महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। सेक्टर 1 स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. शैलजा छाबड़ा तथा सेक्टर-1 संस्कृत स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. सीमा सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कंज्यूमर्स एसोसिएशन पंचकूला के अध्यक्ष राकेश कपूर ने बताया कि राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ता संरक्षण से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया तथा जागरूकता बढ़ाने हेतु संचालित गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर मंत्री महोदय द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक परिवार सहित शामिल हुए और उपभोक्ता जागरूकता अभियान को और सशक्त बनाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि राजेश नागर ने कंज्यूमर्स एसोसिएशन पंचकूला के कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए भविष्य में ऐसे जनहितकारी अभियानों को निरंतर जारी रखने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता हित से जुड़े हर समुचित प्रयास में उनके कार्यालय के द्वार सदैव खुले रहेंगे।
नोबल फ्यूचर इनोवेटर्स के अध्यक्ष पंकज कपूर ने भी एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कपूर एवं उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की। ‘आई हेट पॉलीथिन’ की अध्यक्षा ने प्लास्टिक व पॉलीथिन के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला, जबकि ट्राइसिटी ईको वॉरियर्स के अध्यक्ष अनुज अग्रवाल ने अभियान को विस्तार देने में राकेश कपूर की भूमिका को रेखांकित किया। महिला इकाई अध्यक्षा स्नेहा दास ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए रात्रि भोज हेतु आमंत्रित किया, वहीं महासचिव ने कार्यक्रम के सह-प्रायोजकों का विशेष धन्यवाद किया।
ई खबर मीडिया के लिए हरियाणा स्टेट हेड देव दर्शन शर्मा की रिपोर्ट


