मल्लाह, 2 मार्च। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मल्लाह गांव में सकल हिंदू समाज के बैनर तले भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में पुरुषों और महिलाओं ने भाग लेकर हिंदू एकता और राष्ट्रभावना का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की आरती से हुआ। इसके पश्चात मल्लाह गांव की महिला कीर्तन मंडली ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में विराट नगर स्थित महर्षि संस्कृत महाविद्यालय के प्रधानाचार्य कपिल देव आचार्य उपस्थित रहे, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सामाजिक समरसता सह विभाग संयोजक जितेंद्र जी ने विशिष्ट वक्ता के रूप में संबोधित किया।
मुख्य अतिथि कपिल देव आचार्य ने कहा कि हिंदू समाज में एकता और अखंडता की जागरूकता बढ़ रही है। उन्होंने भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी सम्मान और समरसता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। संस्कृत दोहों के माध्यम से उन्होंने सनातन धर्म की महत्ता और वर्तमान समय में उसके आदर्शों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।हिंदू सम्मेलन

उन्होंने परिवार व्यवस्था को भारतीय संस्कृति की आधारशिला बताते हुए कहा, “परिवार बचेगा तो भारत बचेगा।” मधुर पारिवारिक संबंध, जीवन मूल्यों की रक्षा और नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजगता को राष्ट्र निर्माण के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। आयोजन समिति के संयोजक मुकेश जी, मंडल कार्यवाह रवि जी, मल्लाह सरपंच देविंदर भट्टी, जबरोट सरपंच प्रीतम राणा, समाजसेवी भूपिंदर बंटी, देवेंद्र गर्ग, संजी, गुरपाल, यशपाल, हेमदीप, हीरालाल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
सम्मेलन में क्षेत्र के लगभग सभी गांवों के नागरिकों ने सहभागिता कर सामाजिक एकता और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
ई खबर मीडिया के लिए हरियाणा स्टेट हेड देव दर्शन शर्मा की रिपोर्ट


