पंचायत इमलिया स्थित प्राइमरी एवं जूनियर विद्यालय में व्यवस्थाओं की गंभीर कमी सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार विद्यालय परिसर में कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा दोनों प्रभावित हो रही हैं। स्कूल परिसर में साफ सफाई की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है और जगह जगह झाड़ झंखाड़ तथा गंदगी फैली हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में लंबे समय से कई कमियां बनी हुई हैं, लेकिन अब तक उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बच्चों के बैठने की व्यवस्था, परिसर की साफ सफाई, भवन की स्थिति और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि विद्यालय प्रशासन इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा।
सबसे गंभीर आरोप यह भी लगाया गया है कि जब इन कमियों को उजागर करने के लिए वीडियो बनाने का प्रयास किया गया, तो विद्यालय की हेड मास्टर ने वीडियो बनाने से रोक दिया। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सब कुछ ठीक है तो फिर वीडियो बनाने से रोकने की क्या वजह है।
ग्राम पंचायत के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय की तत्काल जांच कराई जाए और जो भी कमियां हैं उन्हें जल्द से जल्द दूर किया जाए, ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा का माहौल मिल सके। लोगों का कहना है कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की लापरवाही बेहद चिंताजनक है और जिम्मेदार अधिकारियों को इस पर तुरंत संज्ञान लेना चाहिए।
ई खबर मीडिया से बृजेश निषाद की रिपोर्ट

