इ खबर जिला रिपोर्टर – मोइनुद्दीन कुरैशी
चित्तौड़गढ़, 20 फरवरी। जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में गुरुवार को बेगूं पंचायत समिति की मोतीपुरा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया।चौपाल में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के साथ-साथ प्रतिभाओं एवं भामाशाहों का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान दो भामाशाहों का सम्मान किया गया। साथ ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले 10 विद्यार्थियों तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 12 खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। हॉकी व क्रिकेट के खिलाड़ियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। विद्यालय में सात सीसीटीवी कैमरे एवं 10 पंखे लगवाने में सहयोग देने वाले भामाशाहों की सराहना की गई।
ग्राम पंचायत द्वारा ग्रामीणों को 12 बॉपी (बापी) पट्टों का वितरण भी किया गया। ग्राम पंचायत में आवेदन प्रस्तुत करते ही पात्र ग्रामीणों को हाथों-हाथ पट्टे प्रदान किए गए, जिससे ग्रामीणों में उत्साह देखा गया।
रात्रि चौपाल के दौरान आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों द्वारा 20 से अधिक परिवाद प्रस्तुत किए गए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया गया। खातेदारी भूमि पर रास्ता बंद करने संबंधी परिवाद पर जिला कलक्टर ने तहसीलदार एवं पटवारी को मौका मुआयना कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एक परिवार के राजस्व संबंधी आपसी बंटवारे के मामले में भी आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। एक छात्र के विद्यालय अभिलेख में पिता के नाम में त्रुटि सुधार हेतु मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को बोर्ड स्तर पर संशोधन कराने के निर्देश दिए गए।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ग्रामीणों को पेयजल संबंधी किसी प्रकार की समस्या न हो तथा शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। गांव में घरों के पास से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन को हटाने के संबंध में प्राप्त आवेदन पर विद्युत विभाग के एक्सईएन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
चौपाल से पूर्व किया वार्षिक निरीक्षण
रात्रि चौपाल से पूर्व जिला कलक्टर ने पुलिस थाना बस्सी, उपखंड कार्यालय, तहसील कार्यालय, पंचायत समिति, उपकोष कार्यालय एवं सब-जेल बेगू का वार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चौपाल एवं जनसुनवाई के दौरान जिला परिषद के सीईओ विनय पाठक, उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया, तहसीलदार, विकास अधिकारी सुरेश चंद्र गोस्वामी, नायब तहसीलदार, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार दशोरा, सीएमएचओ ताराचंद गुप्ता, जल संसाधन विभाग के राजकुमार शर्मा सहित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, ग्राम स्तरीय प्रशासक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

