आष्टा।
मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के भोपाल संभाग प्रभारी एवं विधायक तेजबहादुर सिंह ने आज आष्टा प्रवास के दौरान स्थानीय रेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य एसआईआर (Special Intensive Revision) से जुड़े कार्यों की समीक्षा करना और आगामी रणनीति को लेकर दिशा-निर्देश देना रहा।
बैठक में संभाग प्रभारी तेजबहादुर सिंह ने आष्टा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी मंडलों में अब तक किए गए एसआईआर संबंधी कार्यों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने मंडल अध्यक्षों से बूथ स्तर पर चल रही गतिविधियों, मतदाता सूची के अद्यतन कार्य, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा त्रुटियों के सुधार की प्रगति पर फीडबैक लिया।
संभाग प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष और नियुक्त कार्यकर्ता पूरी गंभीरता से जिम्मेदारी निभाएं, ताकि मतदाता सूची शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित हो सके।
इस समीक्षा बैठक में विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर एवं जिला उपाध्यक्ष धारासिंह पटेल मंचासीन रहे। पार्टी द्वारा एसआईआर को लेकर नियुक्त बीएलए-1 धनरुपमल जैन से भी विस्तृत जानकारी ली गई। बीएलए-1 ने अब तक किए गए कार्यों, सामने आ रही चुनौतियों और समाधान की प्रक्रिया से अवगत कराया।
बैठक में जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि सोनू गुणवान सहित सभी मंडल अध्यक्ष, अपेक्षित पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने संगठनात्मक मजबूती और एसआईआर कार्य को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
अंत में संभाग प्रभारी तेजबहादुर सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की शुद्धता के लिए एसआईआर अत्यंत आवश्यक है। सभी कार्यकर्ता इसे प्राथमिकता के साथ पूर्ण करें और तय समय-सीमा में लक्ष्यों को हासिल करें।
विधायक कार्यालय, आष्टा

