नई दिल्ली। बिहार से दिल्ली लौट रहे एक व्यक्ति के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। 44 वर्षीय विष्णु कांत यादव 13 मार्च को बिहार से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे, लेकिन दिल्ली पहुंचने के बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है। परिवार में इस घटना के बाद हड़कंप मचा हुआ है और सभी गहरे सदमे में हैं।
परिवार के अनुसार विष्णु कांत यादव मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले के रहने वाले हैं और वर्तमान में नई दिल्ली के इंद्रपुरी इलाके में अपने परिवार के साथ रहते थे। उनकी पत्नी रीना देवी ने बताया कि विष्णु कांत किसी जरूरी काम से बिहार गए थे और 13 मार्च की सुबह करीब 8 बजे उन्होंने दिल्ली आने के लिए ट्रेन पकड़ी थी। ट्रेन अगले दिन सुबह लगभग 5:10 बजे दिल्ली पहुंची, लेकिन इसके बाद से वह न तो घर पहुंचे और न ही किसी से संपर्क कर पाए।
रीना देवी के मुताबिक उनकी शादी को करीब 45 वर्ष हो चुके हैं और उनके चार बच्चे हैं, जो सभी दिल्ली में ही रहते हैं। परिवार ने बताया कि विष्णु कांत पहले नोएडा के सेक्टर-15 स्थित एक ऑफिस में काम करते थे। वहीं पर उनका अपने सीनियर, आलोक सर, से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस विवाद के बाद वह नौकरी छोड़ना चाहते थे और नोएडा या गुरुग्राम में किसी दूसरी जगह काम करने की योजना बना रहे थे। उन्होंने यह बात घर पर भी साझा की थी।
परिवार का कहना है कि विष्णु कांत की मानसिक स्थिति सामान्य थी और उनका किसी से कोई बड़ा झगड़ा या विवाद नहीं था, सिवाय ऑफिस में हुए उस मामले के। ऐसे में उनका अचानक लापता हो जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। परिजन अब यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वह वास्तव में बिहार से ट्रेन में सवार हुए थे या नहीं, क्योंकि इस संबंध में भी अभी तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।
परिवार और रिश्तेदार लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए हैं। जान-पहचान के सभी लोगों से संपर्क किया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। परिवार ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को विष्णु कांत यादव के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या उनके परिवार को सूचित करें।

