हैदराबाद। तेलंगाना के हैदराबाद से एक मार्मिक मामला सामने आया है, जहां करीब 10 महीनों से अपने परिवार से बिछड़ा एक युवक बेहद परेशान हालत में भटक रहा है। युवक का नाम मोहन रविदास बताया जा रहा है, जो खुद को असम राज्य के जिला गोलाघाट, थाना बोकाघाट, गांव जुगल अटी का निवासी बताता है। मोहन रविदास के पिता का नाम पदमा रविदास बताया जा रहा है।
इस मामले की जानकारी डमरूधर चालकी ने मीडिया से बातचीत के दौरान दी। डमरूधर चालकी का कहना है कि वह हैदराबाद के करबी नगर, श्रीसिल्ला, ताग्ला पल्ली इलाके के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि करीब दस महीने पहले उनकी मुलाकात मोहन रविदास से हुई थी, जो उस समय बेहद परेशान और असहाय हालत में थे।
डमरूधर चालकी के अनुसार मोहन रविदास बहुत कम बोलते हैं और अक्सर अपने परिवार को याद कर रोने लगते हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि उनका आधार कार्ड और बैग कहीं चोरी हो गया, जिसके बाद से उनकी पहचान से जुड़े दस्तावेज भी गायब हो गए। इसी वजह से वह अपने घर या परिवार से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं और पिछले कई महीनों से घर लौटने की कोशिश में भटक रहे हैं।
मोहन रविदास ने अपने परिवार के बारे में जो जानकारी दी है, उसके अनुसार उनके छोटे भाई का नाम कांता रविदास है, जबकि उनकी पत्नी का नाम जुटीं रविदास बताया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि उनके दो बच्चे हैं, जो असम में ही रहते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक दिन-रात अपने परिवार से मिलने की बात करता है और कई बार रोते-रोते उसकी हालत बिगड़ जाती है। पहचान से जुड़े कागजात न होने के कारण वह अपने घर का सही संपर्क नंबर या पता नहीं बता पा रहा है, जिससे अब तक उसके परिवार तक कोई सूचना नहीं पहुंच सकी है।
इस मामले को लेकर लोगों से मानवीय आधार पर मदद की अपील की गई है। यदि किसी व्यक्ति को असम के गोलाघाट जिले के थाना बोकाघाट क्षेत्र के जुगल अटी गांव के रहने वाले मोहन रविदास या उनके परिवार के बारे में कोई जानकारी हो, तो वह नीचे दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सूचना दे सकता है, ताकि लंबे समय से अपने परिवार से बिछड़ा यह युवक अपने घर वापस पहुंच सके।
संपर्क नंबर: 6305918889

