सरई। भीषण गर्मी के बीच सरई स्थित इंडियन गैस एजेंसी पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब सैकड़ों की संख्या में पहुंचे उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पाया। धूप में घंटों खड़े रहने के बावजूद लोगों को खाली टंकी लेकर वापस लौटना पड़ा, जिससे आमजन में भारी आक्रोश देखने को मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एजेंसी पर अव्यवस्था का आलम इस कदर था कि कनेक्शन धारियों को लाइन में खड़ा रखा गया, जबकि कुछ अन्य लोगों को बिना कनेक्शन के ही पर्ची काटकर गैस उपलब्ध कराई जा रही थी। आरोप है कि यह सब एजेंसी प्रबंधन और कर्मचारियों की मिलीभगत से हो रहा है।
उपभोक्ताओं ने एजेंसी के मैनेजर और संचालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। शिकायत सुनने के बजाय कर्मचारियों द्वारा झल्लाकर बात की जा रही है और कई लोगों को बिना कारण भगा दिया जा रहा है। लोगों का कहना है कि एजेंसी का रवैया ऐसा है मानो मुफ्त में गैस वितरण किया जा रहा हो।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दैनिक समाचार पत्र केसरिया हिंदुस्तान की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उस दौरान तहसीलदार सरई, अमित मिश्रा, तथा पुलिस प्रशासन भी मौजूद रहा। इसके बावजूद कई उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल सकी और उन्हें खाली सिलेंडर लेकर वापस लौटना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि एजेंसी की कार्यप्रणाली की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की अव्यवस्था और मनमानी पर रोक लगाई जा सके।
जनता का सवाल:
आखिर कब तक उपभोक्ताओं को इस तरह परेशान होना पड़ेगा? क्या जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या यूं ही चलता रहेगा एजेंसी का मनमाना रवैया?

