वाराणसी कमिश्नरेट के गोमती जोन अंतर्गत थाना कपसेठी परिसर में शनिवार को मुकदमाती जब्त वाहनों की नीलामी प्रक्रिया पूरी कराई गई। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन के निर्देश पर आयोजित इस नीलामी में कुल 6 चार पहिया और ट्रक वाहनों की बोली लगाई गई। पूरी कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त रोहनियां संजीव शर्मा, थाना प्रभारी विकास कुमार मौर्य, परिवहन निरीक्षक दिनेश राम और हेड मोहर्रिर नारायण पाण्डेय की मौजूदगी में संपन्न हुई।
नीलामी प्रक्रिया में कई बोलीदाताओं ने हिस्सा लिया। वाहनों का कुल मूल्यांकन 2 लाख 90 हजार रुपये निर्धारित किया गया था, लेकिन बोली प्रक्रिया के दौरान कुल 3 लाख 32 हजार रुपये की बोली लगी। सभी बोलीदाताओं से अग्रिम धनराशि के रूप में कुल 83 हजार रुपये जमा कराए गए।
सबसे बड़ी बोली शमसुद्दीन पुत्र अजीज निवासी मेहदीगंज थाना मिर्जामुराद ने लगाई। उन्होंने स्कॉर्पियो, ट्रक, मारुति-800 और बोलेरो समेत 4 वाहनों के लिए कुल 2 लाख 29 हजार रुपये की बोली दी और 57,250 रुपये अग्रिम जमा किए। वहीं जंगबहादुर पटेल ने हुंडई स्ट्रीम वाहन के लिए 32 हजार रुपये की बोली लगाकर 8 हजार रुपये जमा किए। इसके अलावा प्रदीप कसौधन ने पिकअप वाहन के लिए 71 हजार रुपये की बोली लगाई और 17,750 रुपये अग्रिम धनराशि जमा की।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक नीलामी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से कराई गई और सभी औपचारिकताएं नियमानुसार पूरी की गईं। थाना परिसर में खड़े लंबे समय से मुकदमों में जब्त वाहनों के निस्तारण के लिए यह कार्रवाई की गई है।

