स्‍ट्रेट ऑफ होर्मुज में धूं-धूं कर जल उठा तेल टैंकर, बारूदी सुरंग से टकराया, ईरान ने कहा- न‍ियमों का उल्‍लंघन किया

Date:

Strait of Hormuz में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को इसके पूर्वी हिस्से में एक और तेल टैंकर में आग लग गई। ईरानी नौसेना के मुताबिक, टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकराया और प्रतिबंधित क्षेत्र से गुजरते समय नियमों का उल्लंघन कर रहा था।
तेहरान: स्‍ट्रेट ऑफ होर्मुज एक और समुद्री जहाज धूं-धूं कर जल उठा। होर्मुज के पूर्वी हिस्से में एक और तेल टैंकर में समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद आग लग गई। ईरान की नौसेना ने बुधवार को कहा कि तेल टैंकर ने न‍ियमों का उल्‍लंघन क‍िया और हादसे का शिकार हो गया।
ईरानी आर्म्ड फोर्सेस के साथ समन्वय जरूरी
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना बुधवार तड़के उस समय हुई जब तेल टैंकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पूर्व में स्थित एक ‘असुरक्षित और प्रतिबंधित’ क्षेत्र से गुजर रहा था। ईरानी नौसेना ने कहा कि उसकी सेनाएं होर्मुज के पूर्वी जलक्षेत्र पर लगातार नजर रख रही हैं। उसने जोर देकर कहा कि इस जलमार्ग से सुरक्षित आवाजाही के लिए ईरानी आर्म्ड फोर्सेस के साथ समन्वय और समुद्री नियमों का पालन जरूरी है।

अमेरिका और इजरायल को दी चेतावनी
इस बीच, ईरानी आर्म्ड फोर्स के चीफ ऑफ स्टाफ अली अब्दुल्लाही ने अमेरिका और इजरायल को नई गलतियां करने से बचने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जो भी स्थान ईरान के इस्लामिक गणराज्य के खिलाफ खतरे का केंद्र बनेगा, वह सैन्य अभियानों का सीधा निशाना होगा। ईरानी मीडिया में जारी अपने संदेश में उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की ओर से दिए गए किसी भी आदेश का सशस्त्र बल बिना किसी हिचकिचाहट के पालन करेंगे।

मंगलवार को भी दो टैंकरों में लगी थी आग
इससे एक दिन पहले, मंगलवार को ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने दावा किया था कि स्‍ट्रेट ऑफ होर्मुज में ‘अनधिकृत मार्ग’ से गुजर रहे दो तेल टैंकरों में बड़े विस्फोट हुए। आईआरजीसी नौसेना के अनुसार, दोनों टैंकरों ने अपने सभी नेविगेशन और पहचान संबंधी सिस्टम बंद कर दिए थे। इसके बाद उनमें आग लग गई और वे रुक गए। बयान में कहा गया कि एक टैंकर नौसैनिक बारूदी सुरंग से टकराने के बाद विस्फोट का शिकार हुआ, जबकि दूसरा टैंकर, जिसे ईरान ने अमेरिकी लड़ाकू विमानों का समर्थन प्राप्त बताया, एक घटना के बाद आग की चपेट में आ गया।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ‘अनधिकृत मार्ग’ असुरक्षित
आईआरजीसी नौसेना ने फिर चेतावनी दोहराई कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ‘अनधिकृत मार्ग’ असुरक्षित है। उसका कहना है कि जो भी जहाज अमेरिकी सेना के सहयोग से इस रास्ते से गुजरने की कोशिश करेगा, उसे इसी तरह के परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। बता दें कि 28 फरवरी को ईरान ने होर्मुज स्‍ट्रेट पर नियंत्रण और सख्त कर दिया था। अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरानी क्षेत्र पर संयुक्त हमलों के बाद ईरान ने इजरायल और अमेरिका से जुड़े या उनके सहयोगी जहाजों की सुरक्षित आवाजाही पर रोक लगा दी थी। बता दें कि स्‍ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक माना जाता है, जहां किसी भी प्रकार का तनाव वैश्विक तेल आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को प्रभावित कर सकता है।

बता दें कि ईरान ने इस रास्ते से होकर गुजरने वाले भारतीय जहाजों को छूट देने का फैसला किया है। ईरान ने भारत के साथ ही चीन, इराक और कतर के कमर्शियल शिप्स को भी इस रणनीतिक समुद्री मार्ग पर लागू प्रतिबंधों से छूट देने का फैसला किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related