इ खबर रिपोर्टर – मोइनुद्दीन कुरैशी
चित्तौड़गढ़, 28 दिसंबर।
राष्ट्रीय स्वदेशी मेले के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मंत्री श्री अविनाश गहलोत ने चित्तौड़गढ़ जिले के 33 दिव्यांग लाभार्थियों को हेलमेट सहित स्कूटी का वितरण कर उन्हें आत्मनिर्भर जीवन की ओर एक मजबूत कदम दिया।
इस अवसर पर उप निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग श्री जितेंद्र गढ़वाल ने जानकारी देते हुए बताया कि दिव्यांगजन स्कूटी योजना के अंतर्गत जिले के लिए कुल 67 स्कूटियां स्वीकृत की गई थीं, जिनमें से प्रथम चरण में शनिवार को 33 लाभार्थियों को स्कूटी सौंपी गई। शेष लाभार्थियों को भी शीघ्र ही योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान भावुक क्षण तब देखने को मिला जब मंत्री श्री अविनाश गहलोत ने एक दिव्यांग लाभार्थी को स्वयं स्कूटी चलाते हुए देखा। उन्होंने लाभार्थी के पिता से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि यह स्कूटी राज्य सरकार की ओर से दिव्यांगजनों की सुविधा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को ध्यान में रखते हुए प्रदान की गई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्कूटी का उपयोग केवल स्वयं लाभार्थी ही करें और इसे किसी भी प्रकार से बेचा न जाए।
मंत्री गहलोत ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें स्वावलंबी बनाना है, ताकि वे शिक्षा, रोजगार और दैनिक जीवन की आवश्यकताओं को बिना किसी बाधा के पूरा कर सकें। सरकार दिव्यांगजनों के लिए योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि धरातल पर प्रभावी रूप से लागू कर रही है।
स्कूटी प्राप्त करते समय लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी, आत्मविश्वासऔर संतोष साफ झलक रहा था। कई लाभार्थियों ने कहा कि अब उन्हें आवागमन में दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगाऔर रोजगार व पढ़ाई के अवसरों तक पहुंच आसान होगी। उपस्थित जनसमूह ने इस पहल को सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक अत्यंत सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम बताया।
कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ सांसद श्री सी.पी. जोशी, निंबाहेड़ा विधायक श्री चंद्र कृपलानी, कपासन विधायक श्री अर्जुन जीनगर, बेगूं विधायक श्री सुरेश धाकड़, रतन लाल गाडरी, संयुक्त निदेशक श्री ओमप्रकाश तोषनीवाल, विकास खटीक, चंद्रप्रकाश जीनगर, रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह रूद, सुधीर जैन, मनोज पारिक, आशीष पालीवाल, नंदकिशोर लोहार, राजन माली सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन दिव्यांगजनों के उज्ज्वल भविष्य और आत्मनिर्भर समाज की कामना के साथ किया गया।

