मोरनी खंड की सबसे बड़ी पंचायत भौज मटोर के अंतर्गत गांव मांधना व चंडीवास से गर्व की खबर सामने आई है। चंडीवास निवासी रामगोपाल शर्मा और मीना शर्मा के दोनों बेटे राहुल और हिमांशु का अग्निवीर के रूप में चयन हुआ है। दोनों युवाओं की इस सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार राहुल का रिजल्ट 9 दिसंबर और हिमांशु का रिजल्ट 12 दिसंबर को घोषित हुआ। दोनों का नाम अग्निवीर की अंतिम सूची में आने के बाद ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया। गांव में लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
इस उपलब्धि में माता-पिता के साथ-साथ शिक्षक सतबीर का भी अहम योगदान रहा। बताया गया कि शिक्षक सतबीर ने दोनों छात्रों को समय-समय पर मार्गदर्शन दिया और कठिन दौर में उनका मनोबल बढ़ाया, जिससे उनकी तैयारी और आत्मविश्वास मजबूत हुआ।
अग्निवीरों के सम्मान में गांव में कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम पंच हरीश, भजन लाल, अजय, अनुज, सतीश, शिवकुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने माला पहनाकर राहुल और हिमांशु को सम्मानित किया। इस मौके पर पंच हरीश ने कहा कि दोनों युवाओं ने अग्निवीर बनकर पूरे गांव का सिर गर्व से ऊंचा किया है और यह सफलता मेहनत, अनुशासन व देशभक्ति का परिणाम है।
सरपंच पंचपाल शर्मा ने भी दोनों युवा अग्नि वीरों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी।
ग्रामीणों का कहना है कि राहुल और हिमांशु की यह उपलब्धि गांव के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और देशसेवा के प्रति नई ऊर्जा पैदा करेगी।
ई खबर मीडिया के लिए हरियाणा स्टेट हेड देव दर्शन शर्मा की रिपोर्ट

