चित्तौड़गढ़, 17 जनवरी।
नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ जिले की कोतवाली निंबाहेड़ा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बस के जरिए ले जाया जा रहा 31 किलो 710 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर एक बार फिर करारा प्रहार हुआ है।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए एसएसपी सरिता सिंह एवं डीवाईएसपी बद्रीलाल के निर्देशन में तथा थानाधिकारी राम सुमेर के सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम में एसआई कन्हैयालाल, हेड कांस्टेबल हरविंदर सिंह, कांस्टेबल रणजीत, विजय सिंह, हेमंत कुमार, जगदीश एवं राकेश शामिल थे। पुलिस टीम ने जलिया चेक पोस्ट पर नाकाबंदी के दौरान राजधानी बस को रुकवाकर संदिग्धों की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बस में सवार दो युवकों को डिटेन किया गया। इनके पास मौजूद अलग-अलग बैगों की जांच करने पर उनमें अवैध अफीम डोडाचूरा भरा हुआ पाया गया। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों बैगों से कुल 31 किलो 710 ग्राम पीसा हुआ अफीम डोडाचूरा बरामद किया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान महेंद्र पुत्र मनोहर राम बिश्नोई (22 वर्ष), निवासी खेड़ी सालवा, थाना डागीयावास, जिला जोधपुर तथा श्यामलाल पुत्र जेठाराम चौधरी (19 वर्ष), जाति जाट, निवासी सुरपुरा कला, थाना करवड़, जिला जोधपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी श्यामलाल के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण दर्ज हैं, जिससे उसके मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका और मजबूत हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। इस सफलता से पुलिस टीम का मनोबल बढ़ा है और नशे के सौदागरों में हड़कंप मच गया है।

