मालपुरा थाना क्षेत्र के धनौली-नगला मस्जिद का मामला, पीड़ित परिवार ने एसएसपी व जनप्रतिनिधियों को भेजा संदेश
मालपुरा (आगरा)। मालपुरा थाना क्षेत्र के जगनेर रोड धनौली, नगला मस्जिद, ब्लॉक अकोला से पुलिस कार्रवाई को लेकर सनसनीखेज आरोप सामने आए हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर बिना वारंट घर में घुसने, सीसीटीवी का DVR जब्त करने, महिला से बदसलूकी, झूठे केस में फंसाने और लाखों रुपये छीनने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ितों के अनुसार 22 दिसंबर 2025 को पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे। उस समय घर पर केवल छोटा बेटा मौजूद था। आरोप है कि पुलिस ने बिना किसी कानूनी आदेश के घर की तलाशी ली और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों का DVR उठा ले गई। परिवार का कहना है कि पुलिस को डर था कि उनकी कार्रवाई कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
जब मां सावित्री देवी घर पहुंचीं तो पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। परिवार ने एक पुलिसकर्मी का नाम कपिल बताया है। इस घटना की शिकायत 23 दिसंबर को 112 नंबर, पुलिस कमिश्नर कार्यालय और अन्य उच्चाधिकारियों को देने का दावा किया गया है।
26 दिसंबर को फिर हंगामा, दोनों भाइयों को उठाने का आरोप
परिवार का आरोप है कि 26 दिसंबर 2025 की सुबह बड़े बेटे निशांत को पुलिस ने उस समय रोका, जब वह बैंक से लौट रहा था। बाद में जब छोटा भाई निक्की भैंस बेचकर आ रहा था, तो पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। आरोप है कि उस समय उनके पास करीब 3 लाख रुपये थे, जो पुलिस ने छीन लिए।
परिवार का कहना है कि मां जब थाने पहुंचीं तो वहां भी उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। पुलिस यह बताने से इनकार कर रही है कि दोनों भाइयों को कहां रखा गया है। केवल इतना कहा जा रहा है कि “बाहर की पुलिस लेकर गई है।” एक बाइक जब्त किए जाने की भी जानकारी दी गई है।
‘रिश्वत दो तो छोड़ते हैं, नहीं तो अंदर डाल देते हैं’
पीड़ित पिता राजेश का कहना है कि उनके परिवार के साथ यह कोई पहली घटना नहीं है। पहले भी कई बार घर से उठाकर झूठे मामलों में फंसाने और रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया है। परिवार का दावा है कि वे लंबे समय से पुलिस उत्पीड़न से परेशान हैं और अब चुप नहीं बैठेंगे।
परिवार ने बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी राजकुमार चार (जनप्रतिनिधि) और अन्य अधिकारियों को संदेश के जरिए दी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
निष्पक्ष जांच की मांग
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि DVR जब्ती, महिला से बदसलूकी, कथित रूप से छीने गए 3 लाख रुपये, दोनों भाइयों को उठाने और झूठे मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। वहीं, इस पूरे मामले पर पुलिस पक्ष की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
—

