मलेरिया मुक्त बीजापुर के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान प्रारंभ – कलेक्टर श्री संबित मिश्रा
बीजापुर,03 जनवरी 2026/
कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के दिशा-निर्देश एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता चौबे के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री विनोद कुमार साहू के नेतृत्व में जिला समन्वयक श्री अशोक पाण्डेय एवं बीजादूतीर स्वयंसेवक मलेरिया मुक्त बीजापुर अभियान को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
बीजापुर जिला मलेरिया से सर्वाधिक प्रभावित जिलों में से एक है। मलेरिया की रोकथाम को लेकर कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए लोगों में व्यवहार परिवर्तन एवं सामाजिक बदलाव लाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने मलेरिया नियंत्रण एवं उन्मूलन के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मलेरिया के मामलों में कमी लाना एवं आमजन को इसके बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना है। स्वास्थ्य विभाग के बीएमओ, मितानिन प्रशिक्षक, मितानिन कार्यकर्ता एवं बीजादूतीर स्वयंसेवकों के समन्वय से जिले के लगभग 300 बीजादूतीर स्वयंसेवक मलेरिया की रोकथाम, लक्षण एवं उपचार संबंधी जानकारी जन-जन तक पहुँचा रहे हैं।
मलेरिया से बचाव हेतु मच्छरदानी का उपयोग, घर-आसपास साफ-सफाई, गंदे पानी का जमाव न होने देना, पूरे ढके हुए कपड़े पहनना तथा बुखार या अन्य लक्षण होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरंतर मलेरिया जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
बीजादूतीर स्वयंसेवकों द्वारा विकासखंड भैरमगढ़ के ग्राम पंचायत चिनगेर, पिनकोंडा, कोडोली तथा विकासखंड भोपालपटनम के ग्राम पंचायत तिमेड़, अटकुपल्ली एवं रामपेठा में मलेरिया जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त ब्लॉक की सभी ग्राम पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
यूनिसेफ द्वारा प्रदत्त पिको प्रोजेक्टर के माध्यम से महिला एवं पुरुषों को मानसिक स्वास्थ्य एवं मलेरिया के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही रात्रि चौपाल के दौरान सामुदायिक स्तर पर क्षेत्रीय भाषा में मलेरिया संबंधी वीडियो का प्रदर्शन किया गया।
जिला प्रशासन को विश्वास है कि मितानिन एवं बीजादूतीर स्वयंसेवकों की इस पहल से मलेरिया मुक्त बीजापुर की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी। जिला प्रशासन आम नागरिकों से अपील करता है कि मलेरिया से बचाव के उपाय अपनाएँ और स्वस्थ बीजापुर के निर्माण में सहयोग करें।

