नई दिल्ली। ई ख़बर मीडिया
‘दैनिक भास्कर’ समूह ने अपने अनुभवी और तेजतर्रार पत्रकार धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। समूह ने उन्हें नेशनल पॉलिटिकल एडिटर के पद पर पदोन्नत किया है। इसके साथ ही वह नेशनल ब्यूरो हेड के रूप में भी अपनी भूमिका निभाएंगे। धर्मेन्द्र सिंह दिल्ली मुख्यालय से अपने नए दायित्वों का संचालन करेंगे।
धर्मेन्द्र सिंह वर्ष 2011 से लगातार ‘दैनिक भास्कर’ समूह से जुड़े हुए हैं। करीब ढाई साल से वे हरियाणा के एडिटर पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका दो दशक से अधिक का अनुभव रहा है और वे अपनी पैनी दृष्टि, सटीक विश्लेषण और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं।
मूल रूप से भिंड (मध्य प्रदेश) के रहने वाले धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया ने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में ‘अमर उजाला’, मेरठ से की थी। इसके बाद उन्होंने नोएडा में इसी अखबार के बिजनेस पेज ‘कारोबार’ की कमान संभाली। वर्ष 2008 में उन्होंने ‘दैनिक भास्कर’ जॉइन किया और ‘बिजनेस भास्कर’ में बतौर कॉरपोरेट इंचार्ज दिल्ली से अपनी नई पारी शुरू की। बाद में उन्हें भोपाल भेजा गया, जहां उन्होंने मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ रीजन में प्रिंसिपल करेसपॉन्डेंट और ब्यूरो हेड के रूप में उत्कृष्ट कार्य किया।
इसके बाद धर्मेन्द्र सिंह ने ‘राजस्थान पत्रिका’ समूह के साथ ‘पत्रिका, ग्वालियर’ में सिटी चीफ के रूप में काम किया, लेकिन वर्ष 2011 में पुनः ‘बिजनेस भास्कर’ लौट आए। दो साल बाद वह इंदौर स्थानांतरित हुए और 2014 से 2020 तक ‘नेशनल आइडिएशन न्यूज रूम’ में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरों पर कार्य किया। इसके बाद वे दिल्ली के नेशनल ब्यूरो में पहुंचे और फिर 2021 में ‘दैनिक भास्कर, ग्वालियर’ के रेजिडेंट एडिटर बने। अप्रैल 2023 में उन्हें एडिटर (हरियाणा) की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
पत्रकारिता के अपने लंबे करियर में धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया ने न केवल न्यूजरूम में बल्कि फील्ड पर भी अपनी गहरी छाप छोड़ी है। वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव से पहले की ‘महाभारत-2019 भारत यात्रा’ और कोरोना काल में ‘देश का आंखों देखा हाल’ जैसी उनकी रिपोर्टिंग ने राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान बनाई।
धर्मेन्द्र सिंह ने ‘माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल’ से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। उनकी प्रतिबद्धता और मेहनत ने उन्हें भारतीय मीडिया जगत में एक अलग पहचान दिलाई है।
‘दैनिक भास्कर’ समूह ने उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय राजनीति की कमान सौंपी है। इस फैसले से संगठन के भीतर उत्साह का माहौल है।
ईखबर मीडिया की ओर से धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया को हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।

