65 मरीजों की जांच, मौके पर RBS, ECG और PFT जैसे जरूरी टेस्ट, मुफ्त दवाइयों का भी वितरण
पंचकूला/मोरनी (मांधना): ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से वीनस फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा आज मांधना गांव, मोरनी हिल्स में निःशुल्क मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामवासियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएँ उनके निकट उपलब्ध कराना और बीमारियों की प्रारंभिक पहचान को बढ़ावा देना था।
इस शिविर में वीनस फाउंडेशन ट्रस्ट की चेयरपर्सन एकता एस. चौधरी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। उनका स्वागत ग्राम पंचायत के सरपंच पंचपाल शर्मा एवं पंच गीता शर्मा द्वारा सम्मानपूर्वक किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में Paras Hospital Panchkula मेडिकल पार्टनर के रूप में सहयोगी रहा। शिविर में इंटरनल मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक, कार्डियोलॉजी तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ (Obs & Gynae) सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की जांच की। Paras Hospital की ओर से राजेश सचदेवा (सीनियर मैनेजर – कॉर्पोरेट रिलेशन) भी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।
शिविर के दौरान कुल 65 मरीजों की जांच की गई, वहीं मौके पर ही RBS, ECG और PFT जैसे महत्वपूर्ण परीक्षण भी किए गए। सभी लाभार्थियों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
वीनस फाउंडेशन ट्रस्ट के रिलेशनशिप मैनेजर राकेश ठाकुर तथा ट्रस्ट के स्वयंसेवकों ने शिविर के सफल संचालन में अहम भूमिका निभाई और पूरे कार्यक्रम का समन्वयन कुशलता से किया।
सरपंच पंचपाल शर्मा ने वीनस फाउंडेशन ट्रस्ट, चेयरपर्सन एकता एस. चौधरी, Paras Hospital की मेडिकल टीम एवं सभी स्वयंसेवकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐसे शिविर उन लोगों के लिए बेहद लाभकारी हैं जिन्हें विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएँ सामान्यतः आसानी से उपलब्ध नहीं हो पातीं।
कार्यक्रम के समापन पर एकता एस. चौधरी ने Paras Hospital टीम का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “Paras Hospital सदैव सहयोग हेतु तत्पर रहा है। एक फोन कॉल पर उपलब्ध होकर वे इस प्रकार के जनहितकारी कार्यों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।” उन्होंने स्थानीय प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीण समुदाय के सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम लगातार जारी रखने का आश्वासन दिया।
ई खबर मीडिया के लिए हरियाणा स्टेट हेड देव दर्शन शर्मा की रिपोर्ट


