हरदोई।
जिले के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत प्रताप नगर चौराहे पर स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा और चबूतरे को गुरुवार देर रात घने कोहरे के चलते एक ट्रक ने टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई, हालांकि पुलिस की तत्परता से हालात पूरी तरह नियंत्रण में रहे।
घटना की सूचना मिलते ही बेनीगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक व परिचालक को हिरासत में ले लिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घना कोहरा इतना अधिक था कि सड़क पर दृश्यता बेहद कम हो गई थी, इसी कारण ट्रक चालक नियंत्रण खो बैठा और चौराहे पर स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा के चबूतरे से जा टकराया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बेनीगंज से दूरभाष पर हुई वार्ता में उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा घने कोहरे के कारण हुआ है। चालक को सामने कुछ भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे यह दुर्घटना घटित हो गई। उन्होंने बताया कि ट्रक मालिक को सूचना दे दी गई है और वह मौके पर पहुंच रहा है। प्रशासन और ट्रक मालिक की ओर से विधिवत नई प्रतिमा और चबूतरे का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही मामले में नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है। किसी भी तरह की अफवाह या उकसावे से बचने की अपील की गई है।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताते हुए शीघ्र नई प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग की है।
ईखबर मीडिया के लिए स्थानीय संवाददाता आनंद कुमार की रिपोर्ट

