जगदीशपुर, भोजपुर (संवाददाता)।
भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में चोरी और आगजनी की एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। घटना 3 फरवरी की देर रात करीब 10 से 12:30 बजे के बीच की बताई जा रही है, जब असामाजिक तत्वों ने किराए पर दी गई दुकान में पहले ताला काटकर चोरी की और फिर सबूत मिटाने के लिए आग लगा दी। चार कट्ठा जमीन पर बने मकान में स्थित यह दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई और आग की भीषणता इतनी अधिक थी कि दुकान की छत भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर जर्जर हो चुकी है। पीड़ित ने छत के टूटे हुए हिस्सों के फोटो-वीडियो भी मीडिया को उपलब्ध कराए हैं, जिनमें स्थिति बेहद भयावह दिखाई दे रही है।
पीड़ित दीपक प्रसाद (25 वर्ष) के अनुसार, उनकी किराना दुकान “शक्ति गल्ला भंडार” नई टोला मोड़, मलियाबाग रोड NH-319, नहर के पश्चिम, पोस्ट व थाना जगदीशपुर (पिन-802158) पर स्थित थी, जिसे उन्होंने मकान मालिक फूलपातू देवी के मकान में किराए पर ले रखा था। रात में पड़ोस की बिरयानी दुकान वाले ने फोन करके आग लगने की सूचना दी। उनके पहुंचने से पहले ही फायर ब्रिगेड और डायल-112 मौके पर पहुंच चुके थे, लेकिन तब तक दुकान के अंदर का अधिकांश सामान जल चुका था और छत भी आग की चपेट में आकर कमजोर पड़ गई थी।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने पहले दुकान का ताला काटा, अंदर रखे एक लाख चौतीस हजार रुपये नकद (धान की बिक्री से प्राप्त रकम) चुरा लिए और फिर आग लगा दी। इसके अलावा मकान मालिक का फ्रिज, स्टाटर, रिफाइन, चीनी, चोकर, पशु आहार, तेल, चावल और अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों ने जाते-जाते सीसीटीवी कैमरा भी तोड़कर अपने साथ ले गए, ताकि पहचान न हो सके।
दीपक प्रसाद ने 4 फरवरी को जगदीशपुर थाने में लिखित आवेदन दिया है, लेकिन उनका कहना है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। न तो आरोपियों की पहचान हुई है, न ही नुकसान का आकलन किया गया और न ही टूटी हुई छत को लेकर कोई तकनीकी जांच कराई गई है। पीड़ित वर्तमान में अपने मूल घर से करीब 3 किलोमीटर दूर देहात में रहता है और लगातार थाने व अधिकारियों के चक्कर काट रहा है, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हो रही।
पीड़ित परिवार का कहना है कि छत किसी भी समय गिर सकती है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है, फिर भी पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। परिवार ने मीडिया के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि मामले को तत्काल संज्ञान में लेकर निष्पक्ष जांच कराई जाए, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएं, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और हुए नुकसान की समय रहते भरपाई कराई जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बेहद कमजोर है और इसी का फायदा उठाकर बदमाश ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। व्यापारियों में भय का माहौल है और कई दुकानदारों ने रात में दुकान बंद रखने का निर्णय लिया है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच जारी है, लेकिन मौके पर अब तक कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दे रही है, जिससे पीड़ित परिवार की चिंता और बढ़ती जा रही है।

