सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपने ही भाई पर ट्रैक्टर का फर्जी नामांतरण कर हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस थाना रहली में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैनाई गांव निवासी अमोल लोधी ने बताया कि उसका और उसके भाइयों के बीच वर्ष 2003 में पारिवारिक बंटवारा हो चुका था। इसके बाद उसने स्वयं अपने नाम पर आईसीआईसीआई बैंक सागर से ट्रैक्टर क्रमांक MP 15 L 2565 फाइनेंस करवाया था और उसकी सभी किस्तों का भुगतान भी उसने ही किया था। इस आधार पर वह ट्रैक्टर का वैध स्वामी है।
पीड़ित का आरोप है कि करीब एक वर्ष पहले उसके भाई लक्ष्मन लोधी ने धोखे से ट्रैक्टर अपने कब्जे में ले लिया और दावा करने लगा कि यह उसका ट्रैक्टर है। जब अमोल ने इस बात की जांच की तो उसे पता चला कि ट्रैक्टर का नामांतरण परिवहन कार्यालय में फर्जी तरीके से लक्ष्मन के नाम पर करा दिया गया है।
अमोल ने बताया कि उसने कभी भी ट्रैक्टर का विक्रय नहीं किया और न ही किसी प्रकार का हस्तांतरण किया है। इसके बावजूद उसके नाम की संपत्ति को गलत तरीके से अपने भाई के नाम पर दर्ज करा लिया गया। इस मामले में उसने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को भी लिखित शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
पीड़ित ने अब पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है और मांग की है कि फर्जी नामांतरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं, इस पूरे मामले ने क्षेत्र में प्रशासनिक कार्यप्रणाली और दस्तावेजी प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है और पीड़ित को न्याय मिल पाता है या नहीं।

