रोहतक/रुड़की । केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली द्वारा तमिलनाडु के कांचीपुरम् में 10 से 13 मार्च 2026 तक आयोजित 63वीं अखिल भारतीय शास्त्र स्पर्धा में गुरुकुल रुड़की की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा का नाम देशभर में रोशन किया।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में गुरुकुल की सात छात्राओं—कु. ऋचा, अंशिका, दिव्यांगना, दिव्या, प्राची, सोनाक्षी और हिमांशी ने विभिन्न शास्त्र स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इन छात्राओं ने सांख्ययोग भाषण, अमरकोष कण्ठपाठ, काव्य कण्ठपाठ, दर्शन सूत्र कण्ठपाठ, रामायण कण्ठपाठ, उपनिषद कण्ठपाठ और अष्टाध्यायी कण्ठपाठ जैसी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इन सात विजेता छात्राओं में से एक मोरनी खंड के ग्राम मांधना निवासी आचार्य दीपक की सुपुत्री दिव्यांगना भी शामिल हैं, जिन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल गुरुकुल बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
इसके अतिरिक्त कु. दीपांशी ने पुराण-इतिहास शलाका परीक्षा में तृतीय स्थान प्राप्त कर गुरुकुल की उपलब्धियों में एक और उपलब्धि जोड़ी।
विश्ववारा कन्या गुरुकुल, रुड़की, रोहतक की इस ऐतिहासिक सफलता पर गुरुकुल की प्राचार्या पद्मश्री डॉ. सुकामा ने सभी विजेता छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ई खबर मीडिया के लिए हरियाणा स्टेट हेड देव दर्शन शर्मा की रिपोर्ट


