सरई। विंध्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरई द्वारा सत्र 2025-26 का वार्षिक परीक्षा परिणाम 31 मार्च 2026 को घोषित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में सादगीपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके पश्चात विद्यालय के व्यवस्थापक श्री रमापति जायसवाल एवं प्राचार्य श्री रामदास जायसवाल द्वारा मेरिट सूची का वाचन किया गया।
प्राथमिक विभाग में विभिन्न कक्षाओं के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शिशु प्रथम में मर्यम कादरी ने 96.66 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। शिशु द्वितीय में सक्षम गुप्ता ने 98.33 प्रतिशत, कक्षा पहली में सत्यम कुमार रजक ने 98.67 प्रतिशत, कक्षा दूसरी में संविधा केशरी ने 97.33 प्रतिशत, कक्षा तीसरी में काजल जायसवाल ने 99.25 प्रतिशत तथा कक्षा चौथी में नैतिक प्रजापति ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
पूर्व माध्यमिक विभाग में कक्षा छठवीं की छात्रा निशा जायसवाल ने 78 प्रतिशत तथा कक्षा सातवीं के छात्र सार्थक गुप्ता ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। व्यवस्थापक श्री रमापति जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और समाज का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को मिठाई वितरित कर परीक्षा परिणाम की खुशी साझा की गई।

