मोरनी (पंचकूला)। आज दिनांक 25 अप्रैल 2026 को विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरनी के सहयोग से राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोरनी के विद्यार्थियों द्वारा गांव में जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉक्टर सुनील दहिया ने की।
इस वर्ष का थीम “मलेरिया खत्म करने का संकल्प—अब हम कर सकते हैं, अब हमें करना ही होगा” रखा गया। रैली का आयोजन वेद प्रकाश एमपीएचडब्ल्यू (पुरुष) की देखरेख में किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने गांव में घूम-घूमकर लोगों को मलेरिया से बचाव के उपाय बताए।
रैली के दौरान ग्रामीणों को जागरूक किया गया कि यदि सर्दी के साथ बुखार आए तो तुरंत नजदीकी अस्पताल में जाकर खून की जांच कराएं, क्योंकि मलेरिया मच्छर के काटने से फैलने वाली गंभीर बीमारी है। मच्छर अक्सर घरों और आसपास जमा साफ पानी में पनपते हैं, जैसे पानी की टंकी, ड्रम, टायर, फ्रिज की ट्रे और छत पर रखे खुले बर्तन।
लोगों को सलाह दी गई कि सभी पानी के बर्तनों को ढककर रखें, आसपास जमा पानी में काला तेल डालें, पूरी बाजू के कपड़े पहनें और मच्छरदानी का उपयोग करें। साथ ही सप्ताह में एक दिन “सूखा दिवस” मनाकर सभी पानी के बर्तनों को खाली कर साफ करने की अपील की गई।
रैली में स्कूल की प्रिंसिपल कुलदीप कौर, अध्यापक नरेंद्र, अनीता और नंदिनी का विशेष योगदान रहा। वहीं पीएचसी मोरनी से पूनम सूद, कमलेश (एमपीएचडब्ल्यू फीमेल), आशा वर्कर हेमलता और उर्मिला भी सक्रिय रूप से शामिल रहीं। रैली के बाद विद्यार्थियों को रिफ्रेशमेंट भी वितरित किया गया।
ई खबर मीडिया के लिए हरियाणा स्टेट हेड देव दर्शन शर्मा की रिपोर्ट


