वाराणसी।
बनारस रेल इंजन कारखाना में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले वरिष्ठ कर्मचारी गोरख पासवान को सेवानिवृत्ति के अवसर पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेकशील जी की उपस्थिति विशेष रही। उनके साथ अमरनाथ सिंह, पंकज कुमार श्रीवास्तव, वीरेश कुमार गुप्ता, रवि कुमार मिश्रा, इरशाद, विनोद मोहन सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने गोरख पासवान के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने 42 वर्षों की सेवा के दौरान पूरी ईमानदारी, मेहनत और समर्पण के साथ विभाग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान दिया।
बताया गया कि गोरख पासवान सिविल विभाग में कार्यरत रहे और एमसीएम पद से सेवानिवृत्त हुए। मूल रूप से बिहार के निवासी गोरख पासवान ने अपने पूरे सेवाकाल में अनुशासन और जिम्मेदारी का परिचय दिया, जिसके कारण वे सहकर्मियों और अधिकारियों के बीच विशेष पहचान रखते थे।
सेवानिवृत्ति समारोह के दौरान माहौल भावुक हो गया। सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए अनुभव साझा किए और कहा कि उनका योगदान विभाग के लिए हमेशा यादगार रहेगा। कार्यक्रम के अंत में गोरख पासवान ने सभी अधिकारियों और साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बनारस रेल इंजन कारखाना में बिताए गए 42 वर्ष उनके जीवन की अमूल्य पूंजी हैं।

