वाराणसी। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र सेवापुरी में स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोलती एक गंभीर तस्वीर सामने आई है। कपसेठी थाना क्षेत्र के आसपास और बाजार इलाके में कचरे के ढेर लगने से स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर फैली गंदगी और कचरे की भरमार ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार मोहन चाय वाले की दुकान के पास, पूर्व का चलपुरवा क्षेत्र और पंचू यादव के स्थान के आसपास लगातार कचरा फेंका जा रहा है। बताया जा रहा है कि बनारसी खटीक द्वारा नारियल और अन्य कचरे को खुले में फेंका जाता है, जबकि कई बार मना करने के बावजूद इस पर रोक नहीं लग पाई है। लोगों का आरोप है कि विरोध करने पर खुलेआम कहा जाता है कि प्रशासन और सरकार कुछ नहीं कर पाएगी।
कपसेठी चौराहे के सामने निराला सिंह स्मारक के पास भी भारी मात्रा में कचरा जमा है, जिससे आने-जाने वाले राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजार के दक्षिणी हिस्से में भी यही हालात बने हुए हैं, जहां दुकानदारों और आसपास के लोगों ने कई बार आपत्ति जताई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
गंदगी के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बदबू और संक्रमण के डर से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, नगर पंचायत और स्वास्थ्य विभाग से तत्काल सफाई अभियान चलाने, कचरा फेंकने वालों पर सख्त कार्रवाई करने और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जब प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में यह स्थिति है, तो अन्य क्षेत्रों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी जल्दी संज्ञान लेकर कार्रवाई करता है और क्षेत्रवासियों को गंदगी से राहत दिला पाता है।

