झांसी में दिनांक : 12/07/2026 को नेशनल पत्रकार एसोसिएशन (भारत) द्वारा एक राष्ट्रीय सम्मेलन और बुंदेलखंड रत्न सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। आईएमए भवन में हुए इस कार्यक्रम में पत्रकार एकजुटता, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका और बुंदेलखंड के विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
समारोह का शुभारंभ भारत माता और मां सरस्वती के चित्रों पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य पवन गौतम, महापौर बिहारी लाल आर्य, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, एमएलसी प्रतिनिधि निरंजन, समाजसेवी संदीप सरावगी, रामजी परिहार और छत्रपाल राजपूत सहित कई गणमान्य व्यक्ति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इन अतिथियों ने पत्रकारों की निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी भूमिका की सराहना की। महापौर बिहारी लाल आर्य ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए इसे जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु करार दिया।
नेशनल पत्रकार एसोसिएशन (भारत) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिनंदन जैन, संरक्षक सुधीर जैन, जिला महासचिव लला महाराज, जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंह गौर, राकेश सेन, मंगल सिंह, मोहित साहू , भोलू कुरैशी, फैजान कुरैशी ,अमित सेन, अनूप साहू और नासिर खान सहित अन्य पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने पत्रकारों से बुंदेलखंड राज्य के गठन की मांग को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने जोर दिया कि इससे क्षेत्र के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति मिलेगी।
इस समारोह में मथुरा की रासलीला समिति ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया। साथ ही, विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कई हस्तियों को ‘बुंदेलखंड रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, पत्रकारों और सहयोगियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिनंदन जैन ने सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए सम्मेलन को ऐतिहासिक और सफल बताया।
बबीना से मोहित साहू के साथ फैजान कुरैशी की रिपोर्ट

