बबीना (झांसी)। थाना बबीना क्षेत्र में मारपीट, गाली-गलौज, मोबाइल छीनने के प्रयास तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमलेश साहू पुत्र अयोध्या प्रसाद साहू निवासी मकान संख्या 1009/1, नंदनपुरा, बबीना कैंट, जनपद झांसी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 7 जुलाई 2026 को सुबह लगभग 9:30 बजे वह अपनी दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान सुमित साहू पुत्र अशोक साहू, अमित साहू पुत्र अशोक साहू तथा कार्तिक साहू पुत्र अमित साहू, निवासी वैष्णो मोबाइल शॉप के पास, गुरुद्वारे के सामने, स्टेशन रोड बबीना, वहां पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि सुमित साहू ने हॉकी से हमला कर कमलेश साहू को चोट पहुंचाई। वहीं मोहित साहू के साथ भी अभद्रता की गई तथा उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद मोहित साहू द्वारा तत्काल डायल-112 पर सूचना दी गई। पीड़ित पक्ष ने प्रार्थना पत्र में आशंका जताई है कि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए उक्त आरोपी जिम्मेदार होंगे।
पुलिस ने मामले में सुमित साहू, अमित साहू एवं कार्तिक साहू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352, 351(3), 304(2) एवं 62 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। बबीना से मोहित साहू के साथ फैजान कुरैशी की रिपोर्ट

