बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले से एक बेहद संवेदनशील और रहस्यमय गुमशुदगी का मामला सामने आया है। करीब 20 वर्षों से बीकानेर में रह रहे एक परिवार के मुखिया अपनी 14 वर्षीय भांजी को उसके माता-पिता के घर छोड़ने की बात कहकर निकले, लेकिन उसके बाद से दोनों का कोई सुराग नहीं मिला है। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मचा हुआ है। तीन बच्चों की मां ललिता देवी ने पुलिस प्रशासन से दोनों की तलाश कर सुरक्षित बरामद करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र के रहने वाले रणजीत कुमार 26 जून 2026 की शाम करीब 7 बजे बीकानेर स्थित अपने घर से निकले थे। उनके साथ उनकी पत्नी ललिता देवी की बहन की 14 वर्षीय बेटी रूपम कुमारी भी थी। रूपम कुमारी के पिता संजय कुमार और माता पूनम कुमारी समस्तीपुर (बिहार) के निवासी हैं। परिजनों के अनुसार, रणजीत कुमार ने कहा था कि वह रूपम कुमारी को उसके माता-पिता के पास छोड़ने जा रहे हैं, लेकिन न तो रूपम अपने माता-पिता के घर पहुंची और न ही रणजीत कुमार वापस लौटे। तब से दोनों का कोई पता नहीं चल पाया है।
ललिता देवी ने बताया कि रूपम कुमारी पिछले लगभग तीन महीनों से उनके पास बीकानेर में रह रही थी। परिवार के भरोसे पर रणजीत कुमार उसे उसके घर छोड़ने के लिए लेकर निकले थे, लेकिन दोनों के अचानक लापता हो जाने से परिवार गहरे सदमे में है।
ललिता देवी ने बताया कि उनका परिवार पिछले करीब 20 वर्षों से बीकानेर में रह रहा है। उनके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं और पति के लापता होने के बाद परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है। उन्होंने बताया कि घटना से कुछ दिन पहले 19 जून को रणजीत कुमार शराब के नशे में घर आए थे और दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि उस दौरान उन्होंने मारपीट भी की थी। हालांकि इसके बाद मामला शांत हो गया था।
महिला का कहना है कि स्थानीय पुलिस को सूचना देने के बावजूद समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक बीकानेर को प्रार्थना पत्र देकर रणजीत कुमार और 14 वर्षीय रूपम कुमारी की गुमशुदगी दर्ज कर तत्काल खोजबीन शुरू कराने की मांग की है।
ललिता देवी ने यह भी आरोप लगाया कि उनके सास-ससुर उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। उनका कहना है कि रणजीत कुमार के माता-पिता उन पर ही बेटे को गायब करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दे रहे हैं। इससे वह पहले से अधिक तनाव में हैं।
एक ओर तीन बच्चों के पिता और दूसरी ओर 14 वर्षीय किशोरी का एक साथ रहस्यमय तरीके से लापता होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। परिजन किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं और पुलिस प्रशासन से दोनों की जल्द से जल्द सुरक्षित बरामदगी की मांग कर रहे हैं। फिलहाल परिवार की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

