राजस्थान के अलवर जिले में प्रेम विवाह करने वाले एक दंपति से जुड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है। रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवक ने शिकायत देकर आरोप लगाया है कि कुछ लोग उसकी पत्नी का जबरन अपहरण कर ले गए, उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। वहीं मामले में सामने आए लिव-इन रिलेशनशिप के दस्तावेज ने पूरे घटनाक्रम को और भी चर्चाओं में ला दिया है। फिलहाल पुलिस से मामले में जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
पीड़ित विजेंद्र सिंह पुत्र जंगीर सिंह निवासी आलमपुर, थाना नौगांव, जिला अलवर के अनुसार उसने और माया ने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया था। शिकायत में बताया गया कि 19 जुलाई 2026 की शाम करीब पांच बजे वह अपनी पत्नी के साथ अपने दोस्त मगत सिंह के घर बधोली गांव में मौजूद था। उसी दौरान दो ईको गाड़ियों में सवार करीब 10 से 12 लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि इनमें फतेह सिंह पुत्र कपूरचंद प्रजापत निवासी मुबारिकपुर, उसकी पत्नी की बहन, मौसी, हिंदू पुत्र कृपा निवासी नौगांव तथा अन्य अज्ञात लोग शामिल थे।
शिकायत के अनुसार सभी लोग एकराय होकर उसकी पत्नी को जबरन उठाकर गाड़ी में डालने लगे। पत्नी ने शोर मचाया तो वह उसे बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे धक्का देकर अलग कर दिया। इसके बाद सभी लोग उसकी पत्नी को अपने साथ लेकर फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित का कहना है कि उसे अपनी पत्नी की सुरक्षा और जान का गंभीर खतरा है। उसने रामगढ़ थाना पुलिस से मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और पत्नी को सकुशल बरामद करने की मांग की है।
इसी बीच मामले से जुड़े एक लिव-इन रिलेशनशिप एग्रीमेंट की भी चर्चा सामने आई है। दस्तावेज के अनुसार महिला पहले से विवाहित थी और उसके तीन बच्चे हैं। दस्तावेज में उल्लेख है कि महिला ने अपने पहले पति पर शराब पीकर मारपीट करने, घर से निकाल देने और भरण-पोषण नहीं करने के आरोप लगाए हैं। वहीं पुरुष पक्ष के बारे में भी उल्लेख है कि उसकी पहली पत्नी बच्चों को लेकर किसी अन्य व्यक्ति के साथ चली गई थी। इसके बाद दोनों बालिग होने और अपनी स्वेच्छा से बिना किसी दबाव के लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रहने का निर्णय लेने की बात दस्तावेज में दर्ज है।
हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि शिकायत में उल्लिखित प्रेम विवाह और लिव-इन रिलेशनशिप दस्तावेज का आपसी कानूनी संबंध क्या है। इन तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

