17 साल के गणेश रवींद्र मालवे की बेरहमी से हत्या करने वालों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बारिश के बीच, तीन नाबालिगों को पुलिस गाड़ी के आगे बांधकर घुमाया गया।
मामला सामने आया है। मोबाइल ठीक कराने के लिए अपने दोस्त के साथ गए गणेश रविंद्र माळवे (उम्र १७, निवासी कात्रज गांव) पर बीच सड़क पर कोयते और लोखंडी हथियारों से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल गणेश को भारती अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से कात्रज इलाके में भारी सनसनी फैल गई है।
भारती विद्यापीठ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता गणेश रामदास चव्हाण मृतक गणेश माळवे का दोस्त है। करीब तीन महीने पहले मृतक का आरोपी आकाश गायकवाड की बहन के साथ विवाद हुआ था। उसी गुस्से में आकर आकाश ने गणेश को जान से मारने की धमकी दी थी, ऐसी जानकारी शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी है
बारिश में निकाली परेड
सोमवार की रात जब दोनों कात्रज कट्टा इलाके में मोबाइल लेने गए थे, तब दो दोपहिया वाहनों पर सवार होकर आए सात लोगों ने उन्हें घेर लिया। गणेश के भागने की कोशिश करने पर आरोपियों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और उसके सिर, चेहरे तथा हाथों पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि गणेश के खून से लथपथ होकर गिर जाने के बाद भी आरोपी उस पर वार करते रहे। इसके बाद भारती विद्यापीठ पुलिस ने उनमें से चार लोगों को हिरासत में ले लिया और उनमें से तीन की भारी बारिश के दौरान गाड़ी से बांधकर परेड निकाली। इस दौरान मृतक के रिश्तेदारों ने रो-रोकर विलाप किया और अपराधियों का चेहरा दिखाने की मांग की
मामले की जांच कर रही पुलिस
इस मामले में सात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। भारती विद्यापीठ पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक गणेश मोहिते इस मामले की आगे की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी नाबालिग हैं और उन्होंने पुरानी रंजिश के चलते धारदार हथियारों से उस पर हमला किया। भारतीय न्याय संहिता, आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत भारती विद्यापीठ पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इससे नागपुर में दो दिन पहले लूटपाट और ऑटो चालक की बेरहमी से हत्या करने करने वाले आरोपियों की भी पुलिस ने सरेआम परेड भी कराई।

