बलरामपुर। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के ग्राम ढोढरी निवासी मीरा देवी पत्नी जगमोहन यादव ने गांव के ही एक व्यक्ति पर जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास करने, पेड़ काटकर बेचने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसके पति गांव में नहीं रहते और मुंबई में काम करते हैं। वह कभी-कभार ही गांव आते हैं। ऐसे में आरोपी उसकी मजबूरी का फायदा उठाकर लगातार परेशान कर रहा है।
मीरा देवी ने पुलिस और प्रशासन को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अपने पूर्वजों से चली आ रही आबादी की जमीन पर मकान बनाकर वर्षों से रह रही है। उसके मकान और जमीन के आसपास कई पेड़ लगे हुए थे। आरोप है कि विपक्षी ने बिना अनुमति के उसकी जमीन पर लगे पेड़ों में से एक पेड़ काटकर बेच दिया। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि वह बाकी पेड़ भी कटवा देगा और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।
महिला का आरोप है कि आरोपी उसकी जमीन को अपनी जमीन बताकर उस पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। इसके अलावा उसके घर के बाहर बकरी बांधकर गंदगी फैलाने की शिकायत भी की गई थी। पुलिस की जांच रिपोर्ट के अनुसार, विवादित भूमि गाटा संख्या 595 से सटी आबादी की जमीन से जुड़ा है, जिस पर मीरा देवी लंबे समय से काबिज बताई गई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विपक्षी की बकरी को वहां से हटवाया और दोनों पक्षों को भूमि की पैमाइश कराने तक विवादित स्थान पर कोई गतिविधि नहीं करने की हिदायत दी।
शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समाधान दिवस में उपस्थित होने के लिए बुलाया। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, विवाद को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 18 मई 2026 को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की संबंधित धाराओं के तहत निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है। पुलिस का कहना है कि मौके पर फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है।
हालांकि, मीरा देवी का आरोप है कि पेड़ काटने और जमीन को लेकर विवाद के बाद आरोपी लगातार उसे धमका रहा है। महिला ने बताया कि उसके पति अधिकांश समय मुंबई में रहते हैं और घर पर नहीं रहते, जिसके कारण वह खुद को असहाय महसूस कर रही है। महिला का कहना है कि आरोपी आर्थिक रूप से मजबूत और प्रभावशाली है, जबकि वह अकेली महिला है। इसी वजह से उसे अपनी सुरक्षा को लेकर डर बना हुआ है।
मीरा देवी ने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर पेड़ काटने, जमीन पर कब्जे के प्रयास, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के आरोपों पर कार्रवाई की मांग की है। महिला का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आरोपी उसके मकान और जमीन पर भी कब्जा कर सकता है। अब देखना यह है कि पुलिस और प्रशासन इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करते हैं।

