गोण्डा जिले के मनकापुर थाना क्षेत्र से जमीन विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। केवदहिया गांव निवासी रंजना पत्नी जयप्रकाश ने थाना मनकापुर में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि जमीन को लेकर चल रहे विवाद में पड़ोसियों ने उनके साथ मारपीट की, अभद्रता की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार रंजना का कहना है कि उनके पति की एक बिस्वा जमीन पहले ही विपक्षी पक्ष द्वारा ले ली गई थी। अब उनकी शेष जमीन पर भी कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। जब उन्होंने इसका विरोध किया और कानूनी कार्रवाई की बात कही तो विपक्षी पक्ष नाराज हो गया।

रंजना ने आरोप लगाया कि 28 जुलाई 2026 को सुबह करीब 10 बजे विपक्षी पप्पू ने उनका हाथ पकड़ लिया और लात-घूंसों से मारपीट की। शोर सुनकर उनके पति जयप्रकाश और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। पीड़िता का आरोप है कि घटना के दौरान पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
महिला का कहना है कि घटना के दौरान पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इसी कारण उन्होंने प्रभारी निरीक्षक मनकापुर को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

