साई सुदर्शन कब जाएंगे श्रीलंका, टेस्ट सीरीज से पहले अभी कहां हैं, आ गया अपडेट

Date:

साई सुदर्शन अभी तक श्रीलंका नहीं पहुंचे हैं, हालांकि शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया मंगलवार को ही वहां पहुंच चुकी है। अब खबर है कि वे आठ अगस्त तक पहुंच सकते हैं।
भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज 15 अगस्त से होगा। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया इसके लिए मंगलवार शाम को ही श्रीलंका पहुंच चुकी है। हालांकि टीम में साई सुदर्शन शामिल हैं, लेकिन वे अभी तक श्रीलंका नहीं जा पाए हैं। अब उनको लेकर अपडेट सामने आ चुका है।
साई के पैर के अंगूठे में लगी है चोट, अब बेंगलुरु में शुरू कर चुके हैं बैटिंग
साई सुदर्शन को बीसीसीआई ने भारत बनाम श्रीलंका सीरीज के लिए टीम इंडिया में जगह दी है, लेकिन उनके नाम के आगे कंडीशन लगी है, उसमें साफ तौर पर लिखा गया है कि साई तभी खेल पाएंगे, जब वे पूरी तरह से फिट होंगे। इस बीच पता चला है कि साई के पैर के अंगूठे में चोट लगी है। ​क्रिकबज की एक रिपोर्ट में पता चला है कि साई सुदर्शन इस वक्त बेंगलुरु स्थित सीओई में हैं और यहां रिहैब कर रहे हैं। इस बीच जानकारी मिली है कि वे फिर से अपनी बल्लेबाजी की प्रैक्टिस शुरू कर चुके हैं। उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें फिटनेस क्लियरेंस मिल जाएगी।

आठ अगस्त को श्रीलंका पहुंच सकते हैं साई सुदर्शन, सात अगस्त से होगा प्रैक्टिस मैच
पता चला है कि साई सुदर्शन आठ अगस्त को भारत से श्रीलंका जा सकते हैं और उसके बाद टीम इंडिया से जुड़ जाएंगे। भारत बनाम श्रीलंका सीरीज का पहला मुकाबला भले ही 15 अगस्त से शुरू होगा, लेकिन इससे पहले 7 अगस्त से एक प्रैक्टिस यानी वार्मअप मैच है, जो तीन दिन तक खेला जाएगा। ऐसे में ये तय हो गया है कि साई सुदर्शन इस प्रैक्टिस मैच का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। लेकिन 15 अगस्त से जो पहला टेस्ट है, उसके लिए उपलब्ध रहेंगे, लेकिन उससे पहले उनकी फिटनेस कैसी है, इस पर जरूर गौर किया जाएगा।

अब तक साई सुदर्शन का ऐसा रहा है प्रदर्शन
साई सुदर्शन भारत के लिए इस वक्त तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं। शुभमन गिल पहले नंबर तीन पर आते थे, लेकिन जब से वे कप्तान ब​ने हैं, उन्होंने खुद ही चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। साई ने अब तकम भारत के लिए सात टेस्ट खेलकर 383 रन बनाए हैं। इसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। उनका औसत 31.91 का है।

ये है टीम इंडिया का श्रीलंका में पूरा शेड्यूल
श्रीलंका में टीम इंडिया के शेड्यूल की बात की जाए तो सीरीज का पहला मैच 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा। जैसा कि हमने आपको बताया कि टीम शुभमन गिल की कप्तानी में वहां पहुंच चुकी है। आज यानी बुधवार को टीम ने अपना पहला अभ्यास किया। अब 7 अगस्त से तीन दिन का प्रैक्टिस मैच खेला जाएगा। सीरीज का दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा। इसके साथ ही सीरीज का समापन भी हो जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related