रोहनिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत वडनगर से वाराणसी तक निकाली गई बाइक सेवा यात्रा का रोहनिया में भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तथा असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने संबोधित किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सेवा ही भाजपा का संकल्प है। बाइक सेवा यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और राष्ट्रवाद के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने काशी के विकास और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से सेवा भाव के साथ काम करने का आह्वान किया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में भाजपा फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि काशी से पूरा देश प्रेरणा लेता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर से लेकर काशी तक विकास की नई गंगा बह रही है। भाजपा ने देश की संस्कृति और विरासत को संरक्षित करते हुए विकास की नई परिभाषा गढ़ी है।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, पूर्व मंत्री एवं विधायक नीलकंठ तिवारी, रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक त्रिभुवन राम सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

