करवा चौथ के खास मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 51 बेटियों को ऐसा तोहफा दिया, जो उनके लिए नई जिंदगी की शुरुआत को और खास बना गया। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक बेटी को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।
करवा चौथ का त्योहार दिल्ली की 51 नवविवाहित महिलाओं के लिए खास बन गया। शादी के बाद अपना पहला करवा चौथ मना रहीं इन महिलाओं को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी। मुख्यमंत्री ने कुल 51 लाख रुपये की मदद के चेक सौंपे और नवविवाहित जोड़ों को सुखी वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में आयोजित किया गया। इस दौरान रेखा गुप्ता ने 51 बेटियों को एक-एक लाख रुपये के चेक दिए। ये सभी महिलाएं इसी साल मार्च में लाडली फाउंडेशन की ओर से आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शादी के बंधन में बंधी थीं। शादी के बाद यह उनका पहला करवा चौथ है।
लाडली फाउंडेशन की पहल
यह आर्थिक सहायता लाडली फाउंडेशन की पहल के तहत दी गई। फाउंडेशन के संस्थापक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नवविवाहित महिलाओं को आर्थिक मदद देना था। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नवविवाहित जोड़ों को सुखी और समृद्ध वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लाडली फाउंडेशन की इस सामाजिक पहल की सराहना भी की। करवा चौथ के मौके पर मिली इस सहायता से इन परिवारों को आर्थिक सहयोग मिला।
कारोबार शुरू करने के लिए मिलेगा लोन
सीएम रेखा गुप्ता ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अगर कोई महिला अपनी दुकान खोलना चाहती है, पटरी बाजार में कारोबार शुरू करना चाहती है, ब्यूटी पार्लर खोलना चाहती है या सिलाई मशीन खरीदकर काम करना चाहती है, तो उसे लोन की सुविधा मिल सकती है। उन्होंने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी मदद के लिए हमेशा तैयार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह ईश्वर से प्रार्थना करती हैं कि किसी महिला को परेशानी का सामना न करना पड़े, लेकिन अगर कभी कोई मुश्किल आए, तो वे उन्हें अपनी बड़ी बहन की तरह साथ खड़ी मिलेंगी।

