फ्रेंड की मौत पर कहा- ‘बड़ी जल्दी चले गए भाई’, एक महीने बाद खुद दुनिया से हो गए विदा, कौन थे जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले 5 दोस्त?

Date:

जोशीमठ हेलीकॉप्टर दुर्घटना में पांच दोस्तों की मौत हो गई। वे चार धाम की यात्रा पर गए थे। ये सभी दोस्त कर्नाटक के रहने वाले थे। मरने वालों में शामिल अरुण सालुंके बेंगलुरु पुलिस में इंस्पेक्टर थे।
उत्तराखंड के जोशीमठ में हेलीकॉप्टर क्रैश में पायलट समेत छह लोगों की मौत हो गई। सभी के शव बरामद कर लिए गए हैं। अब इस घटना की जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो को सौंपा गया है। हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से ऋषिकेश के लिए उड़ान भरा था लेकिन जोशीमठ में वो क्रैश हो गया। पायलट को छोड़कर बाकी सभी यात्री कर्नाटक के बताए जा रहे हैं।
28 अगस्त को बेंगलुरु पुलिस इंस्पेक्टर अरुण सालुंके ने इंस्टाग्राम पर अपने एक साथी जो सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) में थे, के निधन पर शोक जताते हुए लिखा था, “बहुत जल्दी चले गए, भाई।” ठीक एक महीने से कुछ दिन बाद, 44 वर्षीय सालुंके खुद भी इस दुनिया से चले गए। शुक्रवार को उत्तराखंड के चमोली जिले में ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) के पास एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया, जिसमें सालुंके और उनके चार दोस्त सवार थे। वे बद्रीनाथ से वापस लौट रहे थे।

ये पांचों दोस्त तीन दिन पहले चार धाम यात्रा पर निकले थे और शुक्रवार शाम तक बेंगलुरु लौटने वाले थे। उनके परिवार वाले और दोस्त उनका इंतजार कर रहे थे, तभी क्रैश की खबर आई। उनमें से एक ने कुछ घंटे पहले ही अपने बचपन के दोस्त से बात की थी और बताया था कि वे हेलीकॉप्टर के अंदर मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं।

मृतकों में बेंगलुरु पुलिस के अधिकारी भी शामिल

सालुंके 2007 बैच के कर्नाटक पुलिस अधिकारी थे। वह बेलगावी जिले के अथानी तालुक के अरातल गांव के रहने वाले थे। पुलिस बल में शामिल होने से पहले उन्होंने बेंगलुरु के एमएस रमैया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से अपनी पढ़ाई पूरी की थी। बेंगलुरु पुलिस की CCB में इंस्पेक्टर बनने से पहले, उन्होंने हलसूर पुलिस स्टेशन और क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) में काम किया था।

अरुण सालुंके जिस अपार्टमेंट में किराए पर रह रहे थे, उसके मालिक दसाप्पा ने बताया कि इंस्पेक्टर का स्वभाव बहुत मिलनसार था और अपार्टमेंट के बाकी लोगों के साथ उनके अच्छे संबंध थे। अपार्टमेंट में रहने वाले गजेंद्र ने बताया कि उनकी मुलाकात अक्सर सुबह की सैर के दौरान होती थी। उन्होंने बताया कि सालुंके आमतौर पर सुबह 10 बजे ड्यूटी पर जाते थे और रात 10 बजे के आसपास वापस आते थे।

हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले लोग कौन थे?

हादसे में मारे गए अन्य यात्रियों की पहचान एच एस नटराज (51), प्रताप निंगराजू (41), सुधीर के (49) और शंकर गौड़ा (39) के रूप में हुई है। उत्तराखंड के अधिकारियों के अनुसार, ये सभी पांचों यात्री बेंगलुरु के रहने वाले थे। तुमकुर जिले के हुलियुरदुर्गा के रहने वाले नटराज, ‘विद्या भारती’ शिक्षण संस्थान के प्रमुख थे। शंकर गौड़ा वकील थे, जबकि हासन जिले के सकलेशपुरा तालुक के बचनहल्ली के रहने वाले प्रताप, सिविल कॉन्ट्रैक्ट (निर्माण कार्य) के काम से जुड़े थे। वे लगभग 15 साल पहले बेंगलुरु आ गए थे और अपनी पत्नी और बेटों के साथ थानिसंद्रा में रहते थे। उनके बेटे 7वीं और तीसरी कक्षा में पढ़ते हैं।

उनका परिवार शुक्रवार शाम को उनके घर लौटने का इंतजार कर रहा था। प्रताप के साढ़ू और कॉफी प्लांटर, प्रज्वल ने बताया कि ये पांचों दोस्त तीन दिन पहले ही तीर्थयात्रा के लिए निकले थे। उन्होंने कहा, “हम सभी उनके वापस आने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन इसके बजाय हमें यह दुखद खबर मिली।

हादसे से पहले दोस्त को किया था फोन

हुलियुरदुर्गा के व्यवसायी और नटराज के बचपन के दोस्त नागेश के लिए यह नुकसान और भी ज्यादा तकलीफदेह है, क्योंकि उनकी आखिरी बातचीत अभी हाल ही में हुई थी। नागेश ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे नटराज ने उन्हें हेलीकॉप्टर के अंदर से फोन किया था। नागेश ने बताया, “उन्होंने मुझे बताया कि वे हेलीकॉप्टर के अंदर बैठे हैं और मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं। पायलट ने उन्हें बताया था कि इलाके में घना कोहरा है और विजिबिलिटी (दृश्यता) बेहतर होने तक उन्हें इंतजार करना होगा। जब मैंने उनसे मौसम के बारे में पूछा, तो उन्होंने बताया कि वहां बहुत ज्यादा ठंड है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related