तीन बच्चों की मां का दर्दनाक आरोप: पति पर दूसरी महिला के साथ रहने, मारपीट करने और बच्चों का खर्च नहीं देने का आरोप, पति ने सोतन के चक्कर में तोड़ी उंगली

Date:

जयपुर। राजधानी जयपुर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र से एक महिला की पारिवारिक प्रताड़ना और आर्थिक बदहाली का मामला सामने आया है। तीन बच्चों की मां लाली देवी (32) ने अपने पति राजेंद्र पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि शादी के 12 साल बाद उसकी जिंदगी पूरी तरह बर्बाद हो गई है। महिला का आरोप है कि उसका पति उसे और तीनों बच्चों को बेसहारा छोड़कर दूसरी महिला गीता के साथ रह रहा है। इतना ही नहीं, विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती है, जिसमें उसकी एक उंगली तक टूट गई।

लाली देवी के मुताबिक, उसकी शादी करीब 12 साल पहले राजेंद्र से हुई थी। शादी के बाद उनके तीन बच्चे हुए, लेकिन पिछले कुछ समय से पति का व्यवहार लगातार बदलता चला गया। महिला का आरोप है कि राजेंद्र दिनभर दूसरी महिला के साथ रहता है और घर-परिवार तथा बच्चों की जिम्मेदारियों से दूरी बनाए हुए है। दूसरी महिला का नाम गीता बताया गया है।

दूसरी महिला पर हजारों रुपये खर्च, अपने बच्चों के लिए नहीं देता पैसा

पीड़िता का आरोप है कि उसका पति दूसरी महिला पर हजारों रुपये खर्च करता है। दिवाली के अवसर पर भी वह गीता को खाटूश्यामजी घुमाने लेकर गया था और उसके लिए करीब पांच हजार रुपये की खरीदारी की। वहीं दूसरी ओर, अपने ही बच्चों की जरूरतों के लिए आर्थिक मदद नहीं करता। महिला का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई, भोजन, कपड़े और रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च उठाना उसके लिए बेहद मुश्किल हो गया है।

मारपीट में उंगली टूटने का आरोप, सुरक्षा को लेकर भी चिंता लाली देवी ने आरोप लगाया कि पति उसके साथ मारपीट करता है। इसी मारपीट के दौरान उसकी एक उंगली टूट गई। महिला का कहना है कि घर में न तो उसे सम्मान मिल रहा है और न ही सुरक्षा का भरोसा है। पिछले करीब तीन महीने से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। पति की बेरुखी और कथित प्रताड़ना ने उसके सामने बच्चों के पालन-पोषण का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।

दुकान चलाकर कर रही बच्चों का पालन-पोषण आर्थिक तंगी के बीच लाली देवी ने हार नहीं मानी है। वह अपनी एक छोटी दुकान चलाकर किसी तरह परिवार का गुजारा कर रही है। महिला का कहना है कि पति न तो घर के लिए राशन देता है और न ही बच्चों की जिम्मेदारी उठाता है। तीन बच्चों के भविष्य और रोजमर्रा की जरूरतों का पूरा बोझ उसके कंधों पर आ गया है।

अब न्याय और सुरक्षा की उम्मीद लाली देवी का कहना है कि शादी के बाद जिस परिवार को उसने अपनी पूरी जिंदगी समझा था, आज उसी परिवार में उसे कथित तौर पर प्रताड़ना और उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है। तीन मासूम बच्चों की परवरिश, राशन और सुरक्षा की चिंता के बीच वह बेहद परेशान है। महिला चाहती है कि उसकी शिकायत सुनी जाए और उसे तथा उसके बच्चों को न्याय एवं सुरक्षा मिले।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related